Friday, March 29, 2024
HomeIndian Newsऐसा व्यक्ति जो शेर को सुनाता है लोरी!

ऐसा व्यक्ति जो शेर को सुनाता है लोरी!

आज हम आपको ऐसे व्यक्ति के बारे में बताने जा रहे हैं जो शेर को लोरी सुनाता है! वह शेरों के साथ चलता है। उनके कानों में बोलकर बातें करता है। उन्हें कहानी सुनाता है। शेरों के झुंड के साथ फुटबॉल खेलता है। इस खूंखार जानवर की दहाड़ से आप सहम जाएंगे, लेकिन वह उन्हें दुलारता है, गले लगाता है और घोड़े की तरह शेर की पीठ पर सवार हो जाता है। ना, वह जानवर नहीं एक इंसान है। एक ऐसा शख्स, जिसे आप ‘शेरदिल जिगर’ या फिर ‘सिंघम’ कह सकते हैं। एक साथ तीन शेरों के साथ चहलकदमी करने वाला यह इंसान पूरी दुनिया के लिए अजूबा है। शेर को जंगल का खूंखार जानवर और राजा माना जाता है। यह शिकारी बड़े से बड़े जानवर को अपने पंजों और दांतों से फाड़ने की ताकत रखता है। हालांकि दक्षिण अफ्रीका में एक ऐसा शख्स है जो शेर को कुत्ते-बिल्ली जैसे पालतू जानवरों की तरह दुलार करता है। इस करिश्माई व्यक्ति का नाम है केविन रिचर्डसन। वह शेरों की बेहतरी और उनकी आबादी को बढ़ाने के मिशन पर काम कर रहे हैं। अकेले अफ्रीका की बात करें तो पिछले 20 साल में अफ्रीकी शेरों की आबादी 43 प्रतिशत कम हो गई है। जंगल की जैव विविधिता के हिसाब से सोचें तो यह अच्छे संकेत नहीं हैं।

शेरों की सेहत सुधारने के लिए केविन का फाउंडेशन लगातार काम कर रहा है। नामीबिया के लॉयन ट्रस्ट के साथ मिलकर जंगली जानवरों से इंसानों के संघर्ष को कम करने की दिशा में प्रयास हो रहे हैं। शेरों का शिकार न हो, इसकी कोशिशें जारी हैं। एक ऑनलाइन चैरिटी प्लेटफॉर्म की मानें तो अवैध शिकार और ठिकानों का खात्मा इसी तरह होता रहा तो साल 2050 तक जंगल में शेर विलुप्त हो जाएंगे। अगर ऐसा हुआ तब बच्चों को पढ़ाया जाएगा कि जंगल का राजा शेर हुआ करता था। यह चेतावनी गंभीर है। इसे ऐसे समझिए। धरती पर इतनी तेजी से इंसानों की आबादी बढ़ी है कि कुछ दशक पहले की तुलना में शेरों को 1/5वें जमीन के हिस्से में रहने के लिए मजबूर होना पड़ा है। आगे बात केविन की करते हैं।

आपको कोई कितना भी पैसा दे और कहे कि शेर के साथ जाकर खेलो तो आप इसे सुसाइड समझेंगे और शायद कभी हां नहीं कहेंगे। लेकिन एक सूट के प्रमोशन के लिए केविन बड़े ही आराम से जंगल में जाकर शेर को पुकारते हैं। बड़े बालों वाला ‘किंग’ दूर से आता दिखाई देता है। जैसे किसी दोस्त से बरसों बाद मिले हों, ठीक उसी तरह शेर आते ही अपने पीछे के दो पैरों पर खड़े होकर केविन को गले लगाता है। दोनों में दुलार, स्नेह देखने को मिलता है। केविन शेर के साथ टहलने लगते हैं।

अगले सीन में एक और शेर पानी पीता दिखाई देता है। सफेद बालों वाले इस खूंखार जानवर को केविन अपने हाथों से पानी पिलाते हैं। अगला सीन और भी मजेदार और हैरान करने वाला है। केविन जमीन पर लेटे हुए शेर से बातें करते दिखते हैं। वह शेर को कुछ कहते हैं और वह आंखें बंद करके सिर हिलाता जाता है। यह अविश्वसनीय, हैरतअंगेज, अकल्पनीय दृश्य है।

केविन ने आगे तीन शेरों के साथ फुटबॉल खेला। दरअसल, हॉलैंड वर्ल्ड कप टीम के लिए डिजाइन किए गए नए सूट को प्रमोट करने के लिए डच टेलर वैन गिल्स ने कुछ समय पहले यह प्लान किया था। केविन दावा करते हैं कि उनका शेरों का साथ खास नाता है।

हालांकि कभी-कभार हालात नियंत्रण से बाहर हो जाते हैं। 2018 की एक दर्दनाक घटना है। केविन ने बताया कि वह और उनके एक अनुभवी साथी तीन शेरों को रिजर्व में टहलाने के लिए निकले थे। एक्सरसाइज के लिहाज से ऐसा हर हफ्ते किया जाता है। उन्हें 5 अन्य बड़े जानवरों के होने का आभास हुआ। तय प्रक्रिया के तहत उन्होंने एक सूचना भेजी कि वे रिजर्व में चल रहे हैं। इस बीच, एक शेरनी एक इंपाला के पीछे दौड़ पड़ी। वह शायद 2 से ढाई किमी गई होगी, जहां उसने एक 22 साल की युवती पर धावा बोल दिया। वह कार से बाहर थी। बाद में पता चला कि युवती कैंप में गेस्ट नहीं थी। वह अपने दोस्त के साथ इंटरव्यू करने के लिए स्कूल प्रोजेक्ट के लिए आई थी। रिजर्व से निकलने से पहले दोनों कैंप के बाहर फोटो खींच रहे थे, तभी शेरनी ने हमला कर दिया।

केविन दुनिया के एक प्रसिद्ध वन्यजीव एक्सपर्ट और फिल्ममेकर हैं। उन्हें ‘शेर से बात करने वाले’ शख्स के रूप में पहचाना जाता है। अफ्रीका के जंगलों में पाए जाने वाले खूंखार शिकारी शेर से संबंधित मिशन पर वह अपने साथियों, शोधकर्ताओं और वैज्ञानिकों के साथ मिलकर काम करते हैं। उनका जन्म 8 अक्टूबर 1974 को दक्षिण अफ्रीका के जोहानिसबर्ग में हुआ था। वह चार साल के थे जब उनके भीतर जानवरों के प्रति विशेष लगाव दिखाई देने लगा। उन्होंने अपने पिता के साथ एक चिड़िया के बच्चे की जान बचाई। जल्द ही उन्हें स्थानीय इलाके में ‘बर्ड मैन’ के रूप में पहचान मिली। केविन यहीं नहीं रुके। उन्होंने आवारा पशुओं, भटके लोगों को शरण देना शुरू कर दिया।आगे चलकर उन्होंने जानवरों से संबंधित क्षेत्र में ही अपना करियर बनाने का फैसला किया। 1998 में उन्हें एक स्थानीय पार्क में शेर के दो शावकों के साथ काम करने का मौका मिला। उन्होंने शेरों के साथ ऐसा रिश्ता जोड़ा, जो पहले कभी देखा या सुना नहीं गया था। उनकी विशिष्ट क्षमताओं के कारण कई तरह की गलतफहमियां भी दूर हुईं। पहले ऐसा माना जाता था कि शेर के स्वभाव को देखते हुए उससे दोस्ती करना असंभव बात है।

आखिर में सबसे महत्वपूर्ण बात। केविन जो करते हैं वह प्रैक्टिस, जानवरों की भाषा और व्यवहार को समझने के बाद करना संभव हुआ है। शेरों के साथ इस तरह से ‘सिंघम’ बनने की कोशिश जान पर भारी पड़ सकती है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments