Saturday, April 20, 2024
HomeIndian Newsक्या बीजेपी की गलतियों से जीतेंगे नीतीश कुमार?

क्या बीजेपी की गलतियों से जीतेंगे नीतीश कुमार?

बिहार में बीजेपी की गलतियों से नीतीश कुमार 2024 में जीत सकते हैं! संगमनगरी प्रयागराज, गंगा नदी के बहाव से करीब 23 किमी दूर है फूलपुर। आजादी के बाद से यह लोकसभा क्षेत्र वीआईपी सीट के तौर पर जाना पहचाना गया लेकिन इफको फैक्ट्री IFFCO छोड़ दीजिए तो यहां के रहनुमाओं ने कुछ ऐसा नहीं दिया जिस पर फूलपुर और यहां के लोग इतरा सकें। जब से बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के फूलपुर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने की चर्चा चली है, फूलपुर को सियासी नजरिए से जानने में लोगों की दिलचस्पी बढ़ी है। ऐसे में 2024 और भी करीब नजर आने लगा है। नीतीश कुमार के यहां से उतरने को कोई अफवाह बता रहा है तो कोई जनता की तमन्ना साबित करने में लगा है। कुछ लोग इसके जरिए नैरेटिव सेट करने और माहौल बनाने की बात कर रहे हैं। कुछ देर के लिए इन सब बातों को अलग रखकर मान लेते हैं कि नीतीश कुमार 2024 के दंगल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चुनौती देने वाले हैं।

अगर सामने गामा पहलवान खड़ा हो तो रणनीति भी ‘गामादार’ ही बनानी पड़ेगी तभी उसे पटखनी देने के बारे में सोचा जा सकता है। सबसे अच्छा तरीका होता है उस पहलवान की स्टाइल को कॉपी करना और उसकी गलतियों से अपने लिए प्लस पॉइंट कमाना। ठीक इसी फलसफे पर चलते हुए शायद नीतीश कुमार के खेमे से फूलपुर की हवा उड़ाई गई है। हो सकता है इस पर आए रिएक्शंस की स्टडी हो और उसी हिसाब से अगली चाल तय हो। फिलहाल यह समझना जरूरी है कि नीतीश कुमार फूलपुर से ही चुनाव लड़ना क्यों चाह रहे हैं और इस ग्राउंड रिपोर्ट में समझिए कि बिहार के मुख्यमंत्री का ‘मोदी स्टाइल’ अपनाना क्यों फूलपुर में काम नहीं करेगा?

दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब 2014 में काशी आए थे तो पूरा पूर्वांचल भगवामय करने का इरादा था। असर बिहार तक देखा गया। नीतीश की तरफ से काशी के बगल में भदोही सीट से लगे फूलपुर से चुनाव लड़ने की बातें हो रही हैं, तो बैकग्राउंड में मोदी स्टाइल की चर्चा है। लेकिन नीतीश और मोदी में फर्क है। मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री होने के साथ ही हिंदुओं के दिलोदिमाग में एक अलग छवि बना चुके थे। नीतीश की सुशासन बाबू वाली छवि बिहार तक या विपक्षी नेताओं के बयानों तक सीमित है। दूसरे राज्यों की जनता के मन में उनके लिए कोई विशेष स्नेह नहीं है। रही बात जाति समीकरण की। वह कुर्मी समुदाय से आते हैं और फूलपुर सीट पर पटेलों का वोटबैंक देख शायद उनके सलाहकारों को सब कुछ आसान लग रहा होगा लेकिन उन्हें जमीनी हालात से रूबरू होना होगा।

पंडित नेहरू के बाद करीब 35 साल तक फूलपुर क्षेत्र कांग्रेस का गढ़ हुआ करता था। बाद में सपा ने यहां खूब साइकिल दौड़ाई। बसपा उम्मीदवार भी गाहे-बगाहे जीतते रहे। 2014 में डेप्युटी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और 2019 में केसरी देवी पटेल ने कमल खिलाया और सपा दूसरे नंबर पर रही। इतना ही नहीं, 2018 के उपचुनाव में सपा ने यहां साइकिल दौड़ा दी थी। अब जरा यूपी + बिहार = गई मोदी सरकार, वाला फैक्टर समझ लीजिए। कोई पैदल निकला है, कोई विपक्ष को एकजुट करने के लिए दिल्ली-पटना एक किए है। अखिलेश यादव को भी पता है कि अकेले दम पर मोदी के करिश्माई चेहरे को टक्कर दे पाना मुश्किल है। इसलिए वह चाहते हैं कि पीएम कोई भी बने, अभी भाजपा को सत्ता से हटाना जरूरी है तभी क्षेत्रीय दलों का अस्तित्व बचा रह सकेगा। अगर नीतीश यादव सपा के साथ मिलकर यूपी में चुनाव लड़ते हैं या फिर एक फूलपुर सीट नीतीश को देकर अखिलेश कोई दांव चलते हैं, तो इसके जरिए विपक्ष को फायदा पहुंचाने की कोशिश होगी। मोदी की सीट के करीब 100 किमी दूर यह देश की बहुचर्चित सीट रही है। देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू से लेकर, वीपी सिंह, अतीक अहमद, केशव प्रसाद मौर्य जीते। ऐसे में नीतीश कुमार के लिए कांग्रेस और बसपा भी आसानी से सपोर्ट दे सकते हैं।

भाजपा के वरिष्ठ नेता श्यामधर मिश्रा फूलपुर में वोटिंग पैटर्न बताते हुए कहते हैं कि यहां BJP आज के समय में मजबूत है क्योंकि अनुप्रिया पटेल, केसरी देवी पटेल, विधायक प्रवीण पटेल की वजह से यहां पटेल समुदाय भाजपा को ही वोट करेगा। नीतीश कुमार कुर्मी हैं, यह फैक्टर कितना काम करेगा? यह पूछे जाने पर श्यामधर ने कहा कि वह ज्यादा से ज्यादा 10 पर्सेंट वोट ही काट पाएंगे। उन्होंने बताया कि फूलपुर में सबसे ज्यादा पटेल, उसके बाद यादव फिर मुसलमान और ब्राह्मण वोटर हैं।

अगर सपा के साथ मिलकर नीतीश कुमार चुनाव लड़ते हैं तो क्या सपा का पारंपरिक वोटर यानी मुसलमान और यादव नीतीश कुमार को वोट करेगा? इस सवाल के जवाब में एक स्थानीय पत्रकार ने कहा कि इसका जवाब तो पार्टियों को पहले ही मिल चुका है। 2019 लोकसभा में सपा और बसपा ने मिलकर चुनाव लड़ा था। तब भी भाजपा जीती और गठबंधन हार गया। इसमें एक बड़ी बात फूलपुर, प्रयागराज और आसपास के क्षेत्र में यह है कि जिसके बिरादरी का कैंडिडेट होता है वो तो वोट दे देते हैं लेकिन जिस दूसरी बिरादरी से गठबंधन किया जाता है उनका वोट नहीं मिल पाता है।

क्षेत्र में रहने वाले भाजपा युवा मोर्चा, प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य विमलेश पटेल कहते हैं कि नीतीश कुमार यहां से जातिगत समीकरण देखते हुए सांसदी जीत सकते हैं, पर वह प्रधानमंत्री नहीं बन पाएंगे। जब उनसे जीत की वजह पूछी गई तो उन्होंने कहा कि यह भाजपा के कैंडिडेट और दो परिस्थितियों पर निर्भर करेगा। विमलेश ने कहा कि भाजपा अगर किसी स्थानीय पटेल को न उतारे तो नीतीश जीत सकते हैं। भाजपा अगर कुर्मी को टिकट ही न दे तो भी नीतीश जीत जाएंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments