नई दिल्ली। भारत में डिस्को संगीत को लोकप्रिय बनाने वाले संगीतकार और गायक बप्पी लाहिड़ी (Bappi Lahiri) का आज मुंबई के क्रिटिकेयर अस्पताल में निधन हो गया। उन्होंने 69 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। लाहिड़ी के एक रिश्तेदार ने बताया कि उनका अंतिम संस्कार कल किया जाएगा।
इस बीच बप्पी लाहिड़ी के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक जताया है। पीएम मोदी ने अपने ट्वीट में लिखा, “बप्पी लाहिड़ी जी का संगीत सर्वांगीण था और विविध भावनाओं को खूबसूरती से व्यक्त करता था। उनका जीवंत स्वभाव सभी को याद रहेगा। उनके निधन से दुखी हूं।”
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी गायक बप्पी लाहिड़ी के निधन पर शोक जताया। राष्ट्रपति ने ट्वीट करते हुए लिखा कि बप्पी लाहिड़ी एक बेजोड़ गायक-संगीतकार थे। उनके गीतों को न केवल भारत में बल्कि विदेशों में भी लोकप्रियता मिली।
उनकी विविध रेंज में युवा और साथ ही भावपूर्ण धुनें शामिल थीं। उनके यादगार गीत लंबे समय तक श्रोताओं को खुश करते रहेंगे। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदना। इसके अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी लाहिड़ी के निधन पर दुख जताते हुए कहा कि महान गायक और संगीतकार बप्पी लाहिड़ी के निधन के बारे में जानकर दुख हुआ।
उनके निधन से भारतीय संगीत की दुनिया में एक बड़ा खालीपन आ गया है। बप्पी दा को उनके बहुमुखी गायन और जीवंत स्वभाव के लिए याद किया जाएगा। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं। बप्पी लाहिड़ी ऑब्सट्रक्टिव स्लीप एपनिया और बार-बार होने वाले सीने में संक्रमण से पीड़ित थे। स्वास्थ समस्या होने के कारण लाहिड़ी 29 दिनों तक जुहू के क्रिटिकेयर अस्पताल में अस्पताल में भर्ती रहे।
वह ठीक भी हो गए थे और 15 फरवरी उन्हें घर जाने के लिए अनुमति दी गई थी। लेकिन घर जाने के बाद फिर उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और फिर उन्हें अस्पताल लाया गया। उन्हें कई स्वास्थ्य समस्याएं थीं जिसके कारण उनकी मृत्यु हो गई। फिलहाल तो सोशल मीडिया पर फैंस संगीतकार के निधन पर शौक जता रहे है।