आखिर देश में कैसे हो रही है सोने की तस्करी?

0
96

वर्तमान में देश में सोने की तस्करी के मामले बढ़ते ही जा रहे हैं! सोने से जितना प्यार आम लोगों को होता है उतना ही प्यार इसकी तस्करी करने वालों को भी। गोल्ड स्मगलिंग के मामले रोज सामने आते हैं। एयरपोर्ट पर अक्सर सोना तस्कर गिरफ्तार होते हैं, लेकिन सबसे ज्यादा हैरान करने वाली बात होती है गोल्ड तस्करी के तरीके, यानी जिस तरह से तस्कर सोने को छुपाकर लाते हैं। जब एयरपोर्ट में इनकी गिरफ्तारी होती है तो कई बार तो खुद कस्टम अधिकारी भी हैरान रह जाते हैं। ये मामला है इसी साल जनवरी का। भारत-बांग्लादेश बॉर्डर पर बीएसएफ ने एक संदिग्ध शख्स को गिरफ्तार किया। उस शख्स की चेकिंग हुई, लेकिन उसके पास कुछ भी नहीं था, लेकिन मेटल डिटेक्टर लगातार आवाज कर रहा था। उसके बाद मेटल डिटेक्टर से उसके पूरे शरीर को चेक किया गया। पेट के पास जैसे ही मेटल डिटेक्टर पहुंचा वो बीप करने लगा। इस शख्स को अल्टासाउंट के लिए अस्पताल ले जाया गया तो हैरान करने वाली कहानी सामने आई। इस शख्स ने रेक्टम यानी गूदे में 7-8 सोने के बिस्किट छुपाए हुए थे। इस शख्स को गिरफ्तार कर लिया गया, लेकिन बीएसएफ जवानों के लिए भी ये मामला हैरान करने वाला था।

मई महीने में मुंबई एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग को जानकारी मिली थी कि इंतिजार अली नाम का एक शख्स सोने छुपाकर ला रहा है। पुलिस की पास पुख्ता जानकारी थी, लेकिन जब इंतिजार की जांच हुई तो पुलिस को कुछ भी नहीं मिला। पुलिस ने सख्ती बरती और इससे सवाल किए तो जो इसने बताया वो हैरान करने वाला था। इसके पेट के अंदर छुपा हुआ था 240 ग्राम सोना। ये सोने की 7 टुकड़े निगल गया था और वो इसके पेट में थे। बाद में इस शख्स को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसे हाई फाइबर फूड दिया गया और मल के जरिए सोने के 7 टुकड़े इसके पेट से से निकाले गए।

बेंगलुरु से मार्च के महीने में एक गोल्ड तस्कर को गिरफ्तार किया गया। ये बैंकॉक से बेंगलुरु आ रहा था। पुलिस को इस शख्स पर शक था और इसी आधार पर इससे पूछताछ हुई। इसने बताया कि ये मेडिकल के लिए यहां आया है, लेकिन इसके पास कोई पेपर नहीं थे। जब जांच की गई तो पता चला कि ये शख्स सोने की तस्करी कर रहा था। इसने अपनी चप्पल को काटकर उसके अंदर 1.2 किलो सोना छुपाया हुआ था। इस सोने की कीमत करीब 69 लाख रुपये थी।

दो दिन पहले लखनऊ एयरपोर्ट से कस्टम विभाग ने 1.6 किलो सोना बरामद किया है। ये सोना दुबई से स्मगलिंग करके भारत लाया जा रहा था। तस्कर ने मेटल के दो घोड़े तैयार किए थे और इनके अदंर इस सोने को रखा था। ये घोड़े देखने में शो पीस लग रहे थे। तस्करी किए गए इस सोने की कीमत करीब 1 करोड़ रुपये है। अमृतसर में आज ही सोने की तस्करी के मामले में एक शख्स को गिरफ्तार किया गया है। ये शख्स एयर इंडिया की फ्लाइट से दुबई से आ रहा था। इसने सोने को पाउडर में तब्दील कर उसकी कैप्सूल बना ली थी और उसे अपने प्राइवेट पार्ट में छुपाया हुआ था। पुलिस को इस पर शक इसलिए हुआ क्योंकि इसकी चाल काफी अजीब लग रही थी। छानबीन शुरू हुई तो सोने की तस्करी का मामला सामने आया। ये अपने प्राइवेट पार्ट में 750 ग्राम सोना छुपाकर ला रहा था जिसकी कीमत करीब 45 लाख रुपये है।

आपको बता दें कि दुनिया में सोने की सबसे ज्यादा खपत चीन के बाद भारत में होती है। भारत भारी मात्रा में सोने का आयात करता है। साथ ही देश में बड़े पैमाने पर सोने की स्मगलिंग भी होती है। पहले, देश सोने की सबसे ज्यादा तस्करी मिडल ईस्ट से होती थी। लेकिन अब म्यांमार इसमें आगे निकल गया है। भारत में सोने की सबसे ज्यादा तस्करी म्यांमार से होती है। साल 2021-22 में देश में डायरेक्ट्रेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलीजेंस ने तस्करी से जरिए भारत में लाया गया जितना सोना पकड़ था, उसमें से 37 फीसदी म्यांमार के रास्ते भारत पहुंचा था। देश में पकड़े गए अवैध सोने में से 20 फीसदी सोना मिडल ईस्ट यानी खाड़ी देशों से आया। तस्करी के जरिए भारत आए सोने में सात फीसदी बांग्लादेश के रास्ते भारत पहुंचा था। इसी तरह 36 फीसदी सोना अन्य देशों से तस्करी के जरिए भारत पहुंचा था।

2021-22 स्मगलिंग इन इंडिया रिपोर्ट के मुताबिक कोरोना काल में देश में सोने की तस्करी के मामले बढ़े हैं। पिछले साल तस्करी के कुल 160 मामले पकड़े गए थे। इनमें कुल 833.07 किलो सोना पकड़ा गया जिसकी कीमत 405.35 करोड़ रुपये है। 2020-21 और 2021-22 में डीआरआई ने जितना सोना पकड़ा, उसमें से ज्यादातर म्यांमार से तस्करी के जरिए लाया गया था। 2019-20 में यह तमगा मिडल ईस्ट के पास था। देश में सोने की तस्करी में एक नया ट्रेंड देखने को मिला है। कूरियर के जरिए सोने की तस्करी बढ़ी है। इसकी वजह यह है कि कोरोना काल में इंटरनेशनल फ्लाइट्स बंद थी और लोगों का विदेश आना-जाना बंद था।