अब इसरो का भी नाम परिवर्तित हो सकता है! इंडिया’ बनाम ‘भारत’ को लेकर बहस छिड़ी हुई है। जी20 समिट के रात्रिभोज को लेकर राष्ट्रपति भवन से मेहमानों को निमंत्रण गया है। इसमें ‘प्रेसिडेंट ऑफ इंडिया’ के बजाय ‘प्रेसिडेंट ऑफ भारत’ लिखा गया है। इसके बाद से लोग तरह की अटकलें लगा रहे हैं। ‘इंडिया’ नाम देश के तमाम शोध और शिक्षण संस्थानों से जुड़ा है। इनमें इसरो, आईआईटी, आईआईएम शामिल हैं। उलझन यह है कि अगर इंडिया के बजाय भारत को प्रचलन में लाया जाता है तो क्या इनके नामों का क्या होगा? यह एक बड़ी चर्चा का विषय बन गया है। इसे आप ऐसे भी समझ सकते हैं कि माइक्राब्लॉगिंग साइट ‘एक्स’ पर मंगलवार को लगातार BSRO ट्रेंड होता रहा। लोगों ने इसे लेकर कई मजाकिया बातें भी कहीं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की ओर से जी20 रात्रिभोज के निमंत्रण में उन्हें ‘प्रेसिडेंट ऑफ भारत’ से संबोधित किया गया है। मंगलवार को सोशल मीडिया पर इसे लेकर चर्चा का दौर चलता रहा। लोग इस बात पर बातें करते रहे कि क्या देश का नाम केवल भारत कर दिया जाएगा। सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने सवाल किया कि क्या ‘इंडियन स्पेस रिसर्च ऑर्गेनाइजेशन’ ISRO, रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया RBI जैसे संस्थानों के नाम भी बदल दिए जाएंगे।
अभिनेता मनोज कुमार की फिल्म ‘पूरब और पश्चिम’ का गीत ‘भारत कर रहने वाला हूं, भारत की बात सुनाता हूं’ ‘एक्स’ पर हैशटैग ‘भारत’ हिंदी और अंग्रेजी दोनों में के साथ ट्रेंड करता रहा। ‘एक्स’ पर एक उपयोगकर्ता ने लिखा, ‘सबसे कठिन काम इसरो का नाम बदलकर बिसरो करने के बारे में सोचना है।’
एक अन्य उपयोगकर्ता ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा, ‘बीसीसीआई का पूरा नाम अब ‘भारत कंट्रोलिंग क्रिकेट इंटरनेशनली’ कर दिया जाएगा।’ पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘मैं हमेशा से मानता रहा हूं कि ऐसा नाम होना चाहिए जिस पर हमें गर्व हो। हम भारतीय हैं, इंडिया नाम अंग्रेजों ने दिया और हमारा आधिकारिक नाम ‘भारत’ किए जाने का लंबे समय से इंतजार था।’
लोगों के मन में सवाल हैं कि अगर इंडिया शब्द हटाया गया तो क्या-क्या बदल जाएगा। मसलन, आईआईटी और आईआईए का नया नाम क्या हो जाएगा? ऑल इंडिया रेडियो, मेक इन इंडिया, खेलो इंडिया, स्किल इंडिया जैसे नामों का क्या होगा जिनके साथ ‘इंडिया’ शब्द जुड़ा हुआ है। आईएएस और आईपीएस जैसी सर्विसेज के साथ भी ‘इंडिया’ जुड़ा है।
‘इंडिया’ और ‘भारत’ नाम का मुद्दा 2020 में उठा था। तब सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दाखिल की गई थी। इस याचिका में संविधान से इंडिया शब्द को हटाने की मांग की गई थी। तब कोर्ट ने इस याचिका को खारिज कर दिया था। उसने कहा था कि संविधान में भारत ही शब्द है। आपको बता दें कि I.N.D.I.A गठबंधन के नेताओं ने दावा किया है कि बीजेपी लोकसभा चुनाव से पहले विपक्षी दलों को मिल रही लोकप्रियता से घबरा गई है। मंगलवार को केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी ने कहा कि भारत नाम हमारे पूर्वजों ने दिया था। इस बीच, भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता संबित पात्रा ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा किया जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘भारत के प्रधानमंत्री’ के रूप में संबोधित किया गया है। एक्स पर साझा की गई तस्वीर 7 सितंबर को इंडोनेशिया में 20वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 18वें ईएएस शिखर सम्मेलन में मोदी की भागीदारी से संबंधित है। पात्रा का पोस्ट ऐसे समय में आया है जब यह व्यापक रूप से अनुमान लगाया जा रहा है कि केंद्र आगामी विशेष सत्र में देश का नाम ‘इंडिया’ से बदलकर ‘भारत’ करने जा रही है।
आज ‘इंडिया’ का नाम ‘भारत’ करने को लेकर हर तरफ चर्चा है. आजादी के 76 साल बाद देशभर में ‘इंडिया’ पर चर्चा हो रही है. कुछ दिनों विपक्ष के I.N.D.I.A. संगठन नाम से एकजुट होने पर सत्ता पक्ष ने कहा था, कि वैसे तो ईस्ट इंडिया कंपनी और पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया के नाम के साथ भी इंडिया जुड़ा है. नाम को लेकर छिड़ी बहस कहां तक जाएगी, संविधान में इंडिया का नाम बदलकर भारत होगा या नहीं, इस पर संसद में बिल लाकर क्या तय होगा, ये सब तो चर्चा में है ही, इससे ज्यादा लोग ये सोच रहे हैं कि अगर इंडिया का नाम भारत हो गया तो कितना कुछ बदल जाएगा. क्या हर वो नाम बदल जाएगा जिसमें इंडिया शब्द जुड़ा है!