क्या पाकिस्तान गई अंजू की जिंदगी में पैदा हो सकता है खतरा?

0
180

पाकिस्तान गई अंजू की जिंदगी में अब खतरा पैदा हो सकता है! अंजू को पाकिस्तान गए एक महीने का वक्त होने वाला है, लेकिन इस एक महीने में इतनी सारी कहानियां पाकिस्तान से सामने आई है कि तरह-तरह कयास लगने लगे हैं। पहले अंजू सिर्फ अपने दोस्त से मिलने की बात कर रही थी, लेकिन फिर उसने नसरुल्लाह से निकाह कर लिया। पहले एक महीना पाकिस्तान में रहने की बात की, लेकिन फिर खबर आई कि पाकिस्तान में उसका वीजा एक साल के लिए बढ़ा दिया गया। कभी वो इंडिया को याद करके गाने गाती है तो कभी इंडिया के लोगों को ही कोसने लगती है। आखिर अंजू के साथ चल क्या रहा है। अंजू की तरह ही कई सालों पहले एक और कहानी घटी थी। एक और लड़की अंजू की तरह ही पाकिस्तान में अपना प्यार पाने गई थी। अंजू की तरह ही प्यार की खातिर उसने अपना मुल्क छोड़ दिया था। अंजू से मिलती जुलती कहानी है हशमत आरा की, जो रायबरेली की रहने वाली थी। अच्छे परिवार से थी, पिता ने पढ़ाया लिखाया था, लेकिन प्यार की खातिर हशमत ने सब कुछ छोड़ने का फैसला किया। अंजू की तरह ही गैर मुल्क में किसी और से दिल लगा बैठी और पहुंच गई पाकिस्तान।

1980 में पाकिस्तान में जाकर हशमत ने शाहनजीर आलम से निकाह किया। वो बेहद खुश थी अपने प्यार को पाकर, बिल्कुल वैसे ही जैसे आज अंजू है। उसने पाकिस्तान की नागरिकता भी ले ली। हशमत को लगा कि शाहनजीर के साथ वो जन्नत में है। दोनों की लव स्टोरी आगे बढ़ रही थी। कुछ ही सालों में दोनों के 4 बच्चे हुए, लेकिन अब प्यार की तस्वीर बदलने लगी थी।हशमत को शाहनजीर ने टॉर्चर करना शुरू कर दिया था। जिस प्यार के लिए भारत छोड़कर पाकिस्तान गई वही प्यार अब उसे यातनाएं देने लगा। पाकिस्तान में हशमत पर खूब टॉर्चर हुए। तंग आकर इस लड़की ने भारत वापस आने के लिए वीजा मांगा। वीजा मिल भी गया, लेकिन वीजा कोई नागरिकता तो है नहीं। हशमत को साल 1998 तक का वीजा मिला। वो वापस अपने मुल्क आई, लेकिन अब वो यहां की नागरिक नहीं थी, वीजा खत्म होते ही उसे वापस लौटना था, लेकिन पाकिस्तान में हुए जुल्मों की कहानी उसे वापस नहीं लौटने दे रही थी।

वीजा खत्म हो चुका था, लेकिन हशमत वापस पाकिस्तान नहीं लौटी। उसने यहीं दूसरा निकाह कर लिया। उसके चारों बच्चे भी यहीं थे। चोरी छिपे पूरा परिवार लखनऊ में रह रहा था। अब करीब एक साल पहले हशमत का झूठ सामने आया है। 24 साल बाद पता चला कि पाकिस्तान की नागरिक बन चुकी हशमत अपने पाकिस्तानी बच्चों के साथ छुपकर यही रह रही है। हशमत आरा की सच्चाई सामने आने के बाद अब उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। हशमत अपनी आगे की जिंदगी जेल में बिताएगी। जिस प्यार की खातिर उसने देश को ही छोड़ दिया था आज उसी प्यार ने उसे जेल तक पहुंचा दिया है।

अंजू के साथ अब तक ऐसा तो नहीं हुआ, लेकिन अभी तो अंजू और नसरुल्लाह के प्यार की शुरुआत है। हशमत की कहानी से अंजू को सीख तो लेनी ही चाहिए। कौन जाने आने वाला वक्त अंजू के लिए क्या लेकर आए। फिलहाल तो अंजू वापस भारत लौटने की बात कर रही है। हालांकि उसका कहना है कि वो अपने नए पति नसरुल्लाह के साथ भारत आएगी और अपने बच्चों को अपने साथ लेकर जाएगी। आपको बता दें कि अंजू-नसरुल्लाह की दोस्ती की कहानी भारत और पाकिस्तान दोनों देशों में वायरल है। अंजू ने धर्म परिवर्तन कर नसरुल्लाह से निकाह कर लिया है। अंजू का नाम अब फातिमा हो गया है। हालांकि, पहले अंजू और नसरुल्लाह दोनों ने धर्म परिवर्तन करने और शादी से इनकार किया था। अब अंजू खुलकर निकाह की बात स्वीकार कर रही है और बता रही है कि नसरुल्लाह से उसकी मुलाकात कैसे हुई और कैसे दोनों का प्यार परवान चढ़ा। अंजू पाकिस्तान में भारत विरोध का एक चेहरा बनती जा रही है। ऐसे में पाकिस्तानी मीडिया में अंजू के इंटरव्यू के लिए लाइन लगी हुई है। एक ऐसे ही इंटरव्यू में अंजू ने पाकिस्तान की जमकर तारीफ की और दावा किया कि वह भारत से अपने बच्चों को वापस लेकर आएगी।

पाकिस्तानी मीडिया के साथ बातचीत में अंजू ने कहा कि नसरुल्लाह के साथ दोस्ती कोविड के बाद शुरू हुई थी। शुरुआत में बिजनेस परपज से बात होती थी। जब इन्होंने बोला कि मैं पाकिस्तान से हूं तो मैं काफी एक्साइटेड हो गई। इनसे बातें होने लगी तो मुझे काफी अच्छा लगा। इसके बाद हमारी दोस्ती काफी गहरी हो गई। हम वाट्सऐप पर आ गए। फिर हमने प्लानिंग की कि हमें मिलना भी है। हम कैसे आएंगे, हमें कुछ भी मालूम नहीं था कि हम पहुंचेंगे कैसे, हम कैसे मिल सकते हैं। हमें कुछ भी आइडिया नहीं था। कुछ इन्होंने नसरुल्लाह ने कोशिश की कि यहां से क्या प्रॉसेस है कैसे बुलाया जाए और कुछ मैंने भी की, जो इन्होंने मुझसे बताया कि ऐसे करना है। तो इस तरीके से हम यहां तक पहुंचे।