नई दिल्ली। दक्षिण अभिनेत्री नयनतारा और निर्देशक विग्नेश शिवन शादी के बंधन में बंध गए हैं। दोनों ने महाबलिपुरम में शादी रचाई है। शादी में साउथ और हिंदी सिनेमा की कई बड़ी हस्तियां शामिल हुईं हैं। नयनतारा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शादी की पहली तस्वीर साझा की है, जिसमें विग्नेश उनके माथे को चूमते नजर आ रहे हैं।
नयनतारा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर तस्वीर साझा करते हुए बड़ा ही खूबसूरत कैप्शन लिखा है। उन्होंने लिखा है, ‘ भगवान की कृपा से, माता-पिता और दोस्तों के आशीर्वाद से जिंदगी के नए सफर की शुरुआत कर रहे हैं।’ इसके साथ अभिनेत्री ने रिंग और दिल का इमोजी भी पोस्ट किया है। नयनतारा की इस तस्वीर पर फैंस भी नवविवाहित जोड़ी को शुभकामनाएं दे रहे हैं। बता दें कि दोनों लंबे वक्त से अपनी शादी को लेकर चर्चा में थे।
इस चर्चित शादी में शरीक होने वालों में सुपरस्टार रजनीकांत सबसे पहले मेहमान हैं। इसकी वजह भी सामने आ गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक नयनतारा और विग्नेश की शादी की रस्म में मंगलसूत्र रजनीकांत ने ही दिया है। कहा जा रहा है कि शादी में रजनीकांत ने विग्नेश शिवन को मंगलसूत्र दिया, जो विग्नेश ने नयनतारा को पहनाया। हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
विग्नेश शिवन और नयनतारा अपने इस खास दिन पर बेहद खुश हैं। एक तरफ अभिनेत्री ने शादी की तस्वीर साझा की है। वहीं, शादी से ठीक पहले विग्नेश ने नयनतारा के लिए प्यार भरा नोट लिखकर साझा किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर नयनतारा को दुल्हन बने देखने के लिए अपनी उत्सुकता बताते हुए एक प्यार भरा नोट लिखा। अपनी होने वाली पत्नी के लिए उनका यह खत इस समय इंटरनेट पर काफी वायरल हो रहा है।