Thursday, September 19, 2024
HomeIndian Newsक्या मेट्रोमोनियल साइट्स पर भी हो रही है खिलवाड़?

क्या मेट्रोमोनियल साइट्स पर भी हो रही है खिलवाड़?

वर्तमान में मेट्रोमोनियल साइट्स पर भी खिलवाड़ देखने को मिल रही है! अगर आप अपनी बेटी के लिए मैट्रिमोनियल साइट्स पर लड़का ढूंढ रही हैं तो आप सावधान हो जाइए। अगर आप सोचती हैं कि ऑनलाइन साइट्स के जरिए अच्छी बहू की तलाश कर सकती हैं तो ये खबर आपके लिए है। इन साइट्स पर साइबर क्रिमिनल्स ने अपना जाल बिछाया हुआ है। पूरे देश में अलग-अलग जगह से ऐसे मामले सामने आ रहे हैं जिन्हें सुनकर शायद आपकी आंखें खुल जाएं। शादी के नाम पर चल रहा है ठगी का बहुत बड़ा धंधा। बड़ी-बड़ी मैट्रिमोनियल साइट्स पर ऐसे जालसाज मौजूद हैं जो तरह-तरह से धोखा देने में माहिर हैं। इनके पास कई तरीके हैं आपको ठगने के। सबसे पहले जान लीजिए कुछ ऐसे लोगों की कहानियां जो इन ठगों के शिकार हुए हैं। जो शादी करने के लिए इन वेबसाइट्स पर गए, लेकिन इन्हें धोखे के साथ अपने पैसे भी गंवाने पड़े। पिछले एक महीने में देशभर से कई ऐसी खबरें आईं जो सबक हैं हर किसी के लिए।देश की राजधानी दिल्ली के रोहिणी में रहने वाली शीना पेशे से एडवोकेट हैं। वो अपने पिता के साथ ही प्रैक्टिस करती हैं। उनकी मां उनके लिए मैट्रिमोनियल साइट पर लड़के की तलाश कर रही थीं। एक लड़के ने उन्हें अप्रोच किया। लड़के ने खुद को 2010 बैच का आईपीएस ऑफिसर बताया और कहा कि वो सीबीआई में जॉइंट डायरेक्टर हैं। लड़के ने अपनी सालाना सैलरी 70 लाख बताई। बेटी के लिए एक अच्छा रिश्ता तलाश रही शीना की मां को लड़के की प्रोफाइल पसंद आ गई।

लड़के से शीना और उनके परिवारवालों की मुलाकात हुई। लड़के ने अपना सीबीआई का आई कार्ड दिखाकर शीना के परिवार का विश्वास जीता। फिर शीना की उस लड़के की अक्सर मुलाकातें होने लगीं। दोनों की शादी तय हो गई। इसी दौरान लड़के ने बताया कि उसका बैंक अकाउंट किसी वजह से फ्रीज हो गया और उसे 5 लाख रुपये की जरूरत है। शीना के परिवारवाले लड़के पर पूरा विश्वास करने लगे थे, इसलिए उन्होंने उसे पांच लाख रुपये दे दिए। हालांकि, शीना को लड़के पर शक होने लगा। उन्होंने लड़के की प्रोफाइल चेक की। इंटरनेट में उससे जुड़ी जानकारी निकाली तो सामने आया बेहद चौंकाने वाला सच।

मयंक कपूर नाम का ये बहरूपिया झूठी प्रोफाइल बनाकर इस परिवार से पांच लाख रुपये लूट चुका था। इसके पहले भी इसने एक दूसरी प्रोफाइल से किसी और को लाखों का चूना लगाया था। शीना के परिवार ने लड़के के खिलाफ मामला दर्ज करवाया और तब पुलिस ने इस शख्स को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी भी दिल्ली की रोहिणी का ही रहने वाला है।उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ की इंदिरा नगर की रहने वालीं संजोली की कहानी भी कुछ ऐसी ही है। संजोली बैंक में काम करतीं हैं। मैट्रिमोनियल साइट के जरिए उनकी जान-पहचान सोनू नाम के एक लड़के से हुई। सोनू ने खुद को न्यूयॉर्क में रहने वाला बताया। दोनों की बातें होने लगीं। सोनू और संजोली ने सगाई का फैसला किया। सोनू ने संजोली को अमेरिका से जूलरी भिजवाने की बात की और सर्विस टैक्स के नाम पर 73 हजार रुपये ठग लिए। उसके बाद उसने संजोली से बात करनी बंद कर दी। परेशान संजोली ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने छानबीन की तो ये जालसाज पकड़ में आया। पूछताछ के दौरान इस आरोपी ने बताया कि संजोली की तरह ही वो कई लोगों को मैट्रिमोनियल साइट के जरिए लाखों रुपये ठग चुका है।

पहले रिश्तेदारी में ही लोग एक दूसरे की मदद से अपने बच्चों के लिए रिश्ते ढूंढा करते थे। हालांकि, इंटरनेट के युग में मैट्रिमोनियल साइट्स का चलन काफी बढ़ गया। तकनीक आई है तो खतरे भी साथ लेकर आई। मैट्रिमोनियल साइट्स भी साइबर ठगों के लिए एक प्लेैफॉर्म बन गया। इन पर लोगों को फांसने के लिए बकायदा गैंग बनाकर काम हो रहा है। देशभर में पुलिस ने कई ऐसे गैंग्स का पर्दाफाश किया है।

मुंबई में कुछ दिन पहले ही शादी के नाम पर ठगने वाले नाइजीरियन गिरोह का भांडाफोड़ हुआ। ये गिरोह बड़ी मैट्रिमोनियल साइट पर लड़कियों की प्रोफाइल को देखकर अपना शिकार ढूंढता था। ये लोग अपनी प्रोफाइल में किसी भारतीय लड़के की तस्वीर लगाकर लड़िकयों से चैट करते और उन्हें अपने जाल में फांसते। ये खुद को एनआरआई बताकर पहले लड़कियों का विश्वास जीतते और फिर उनसे किसी ने किसी बहाने से पैसे ऐंठते।

मैट्रिमोनियल साइट्स पर फर्जीवाड़े की खबरें तकरीबन पूरे देश से आ रही हैं। हमारा मकसद आपको डराना नहीं बल्कि सतर्क करना है। आप किसी भी साइट्स में प्रोफाइल फाइनल करने के बाद उस शख्स के बारे में छानबीन ज़रूर करें। आप इस काम में पुलिस की भी मदद ले सकते हैं। किसी भी नए शख्स के साथ ऑनलाइन ट्रांजैक्शन करने से बचें। अगर कोई रिश्ते के नाम पर आपसे पैसा मांगता है तो आपके कान खड़े हो जाने चाहिए। आप ये सुनिश्चित करने के बाद ही पैसा दें कि क्या वाकई जो बात उसने बताई है वो सही है?

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments