आपने हॉलीवुड की मशहूर हीरोइन शेरोन टेट के बारे में तो सुना ही होगा! 8 अगस्त 1969 की वो काली रात अमेरिका के इतिहास के पन्नों में आज भी सबसे ज्यादा खौफनाक रात के रूप में जानी जाती है। लॉस एंजेलिस के सिअलो ड्राइव का बंगला नंबर 10050, इस रात खून से लाल हो गया। पांच लोगों के साथ-साथ एक अजन्मे बच्चे के खून के निशान बंगले की हर दीवार, हर कोने में हमेशा के लिए छप गए। लोगों के चीखने-चिल्लाने की आवाज़ें दीवारों से टकराकर यहां गूंजती रहीं। इस काली रात में बंगले के अंदर एक साथ पांच लोगों को बड़ी ही बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया गया जिनमें से एक थीं- शेरोन टेट जो उस वक्त साढे आठ महीने की प्रेगनेंट थीं।
हॉलीवुड की उस वक्त की मशहूर हिरोइन शेरोन टेट अपने पति, पोलिश एक्टर और डायरेक्टर रोमन पोलांस्की के साथ कुछ समय पहले ही इस बंगले में शिफ्ट हुईं थीं। उस रात में बंगले में शेरोन के अलावा उनके दोस्त, शेरोन के पति पोलांस्की के दोस्त, वोजेक्स फ्राइकोवस्की, उनकी गर्ल फ्रेंड ऐबिगेल फोल्जर और एक केयर टेकर मौजूद थे। शेरोन के पति रोमन पोलांस्की किसी फिल्म के सिलसिले में यूरोप गए हुए थे। बस कुछ ही दिन बाद शेरोन और रोमन अपने पहले बच्चे के स्वागत का इंतजार कर रहे थे। शेरोन ने अपने बच्चे को पॉल नाम दिया था, जो बस चंद दिनों बाद जन्म लेने वाला था।
उस मनहूस रात के पहले तक सबकुछ ठीक था। शेरोन और उनके सभी दोस्त शेरोन का ख्याल रख रहे थे। सबने ने मिलकर डिनर किया। बड़े से खूबसूरत बंगले में हल्का-हल्का म्यूजिक चल रहा था। सभी बातें कर रहे थे, हंसी-मजाक चल रहा था। शेरोन थोड़ी थकी हुईं थीं। वो पास ही सोफे में आकर बैठ गईं। बाकी दोनो दोस्त अभी डिनर कर ही रहे थे। तभी घर में तीन लोग घुस आए। ये लोग दुनिया के सबसे बड़े सीरियल किलर और कल्ट चार्ल्स मेनसन के साथी थे। चार्ल्स मेनसन जिसे जाना जाता है, उसकी कल्ट प्रेक्टिस के लिए। यूरोप में उन दिनों चार्ल्स मेनसन ने अलग धर्मपंथ शुरू कर दिया था और कुछ लोगों को इस पंथ से जोड़ लिया था। ये लोग बाइबल में लिखी बातों को गलत तरीके से लोगों के सामने पेश करते थे और उन्हें बरगला कर अपने गुट में शामिल करते थे। इनका मकसद था दुनिया में दर्दनाक हत्या करके खौफ पैदा करना।
आज बंगला नंबर 10050 चार्ल्स मेनसन परिवार के निशाने पर था। इन लोगों को बंगले के अंदर मौजूद तमाम लोगों को मौत के घाट उतारना था, बिना ये जाने कि अंदर कौन है, इन्हें इतनी बेरहमी से कत्ल करना था कि जो भी सुने उसके होश उड़ जाएं। यही था चार्ल्स मेनसन का कल्ट, यही तरीका था इस सीरियल किलर का दुनिया में खौफ पैदा करने का। इस घर में चाहे जो भी हो, वो प्रेगनेंट हो या फिर गर्भ में पल रहा साढे आठ महीने का बच्चा, सबको बेहद डरावने अंदाज में खत्म करना था और हुआ भी ठीक ऐसा ही।
ये खौफनाक कातिल घर के अंदर घुस चुके थे। एक-एक कर इन्होंने सबको अपना निशाना बनाया। पोलांस्की के दोस्त वोजेक्स फ्राइकोवस्की,उनकी गर्लफ्रेंड ऐबिगेल फोल्जर और जे सबरिंग अभी डाइनिंग टेबल पर ही बैठे थे। ये उनका आखिरी डिनर था, काल उनके सामने मंडरा रहा था। हत्यारों ने सबसे पहले फ्राइकोवस्की पर चाकू से हमला किया। इसी दौरान दूसरे हत्यारे ने उनपर दो गोलियां चलाई। उनकी गर्लफ्रेंड चीखने लगी तो एक शख्स चाकू लेकर उस तरफ बढ़ा और उनपर भी चाकू से वार करने लगा। वो तब तक चाकू से फोल्जर के जिस्म को गोंदता रहा, जब तक वो जमीन पर नहीं गिर गई। दूसरा हत्यारा उनके ब्वायफ्रेंड फ्राइकोवस्की के चेहरे और सिर पर चाकूओं से वार कर रहा था।
घर में म्यूजिक अब भी बज रहा था, लेकिन पूरा घर अब खून से लाल हो चुका था। घर के हर कोने में लाशें पड़ी हुई थी। म्यूजिक होने के बावजूद एक अजब सा सन्नाटा इस घर में पसरा हुआ था। इन हत्यारों ने जाने से पहले शेरोन खून से दरवाजे पर PIG यानी पिग लिखा और फरार हो गए। हॉलीवुड की मशहूर हिरोइन शेरोन टेट, मशहूर हेयर स्टाइलिश जे सबरिंग, वोजचिक फ्राइकोवस्की, ऐबिगेल फोल्जर, और एक केयर टेकर की मौत की खबर जैसे ही सामने आई पूरा अमेरिका दहल गया। इस सामुहिक हत्याकांड के बारे जिसने भी सुना, वो डरने लगा। शेरोन के शरीर पर 17 बार हमला हुआ और उसके बाद इस प्रेगनेंट महिला के गले पर एक रस्सी बांधकर लटका दिया गया। फोल्जर को 28 बार चाकू से गोंदा जबकि उनके दोस्त फ्राइकोवस्की पर 51 बार चाकूओं से हमला किया गया। उनके सिर और चेहरे को भी बुरी तरह बिगाड़ दिया गया।
शायद उस रात इस कल्ट के निशाने पर शेरोन न आतीं, अगर वो बंगला नंबर 10050 में शिफ्ट न हुईं होतीं। इस बंगले में पहले एक म्यूजिक डायरेक्टर किराए पर रहते थे। चार्ल्स मेनसन, म्यूजिक डायरेक्टर और उनके परिवार को खौफनाक मौत देना चाहता था और इसलिए उसने अपने पंथ के लोगों को बंगले में मौजूद सभी लोगों को बेरहमी से मारने की हिदायतें दी थी। दरसअल चार्ल्स को गाना गाने का शौक था, लेकिन म्यूजिक डायरेक्टर ने उसको ऑडिशन के बाद रिजेक्ट कर दिया था जिसका बदला वो इस तरह से लेना चाहता था।