काले जामुन में छिपे हैं सेहत के कई राज

0
321

काला जामुन किसे पसंद नहीं होता, उसका स्वाद, खट्टा मीठा पन सभी को लुभाता है! गर्मियों के मौसम में काला जामुन खाए जाने वाला सबसे पसंदीदा फल माना जाता है! गर्मी के इस मौसम में तेज धूप और बढ़ते तापमान ने सभी को परेशान कर रखा है। ज्यादातर लोगों को यह मौसम पसंद न होने के लिए इसे ही प्रमुख वजह माना जा सकता है। हालांकि सेहत के लिहाज से इस मौसम में बहुतायत में मिलने वाले कुछ फलों को विशेष लाभप्रद बताया गया है। गर्मी के इस मौसम में खीरा, तरबूज-खरबूज खाने के फायदों के बारे में हम सभी सुनते आ रहे हैं, पर मेडिकल साइंस में जिस फल को सेहत का खजाना बताया जाता है, वह है जामुन।

जामुन गर्मियों में हाइड्रेशन को बनाए रखने के साथ शरीर में कई प्रकार की बीमारियों के जोखिम को कम करने में विशेष लाभदायक माना जाता है।

जामुन के फायदों के बारे में जानने के लिए किए गए अध्ययन में शोधकर्ताओं ने पाया कि यह फल एंटीऑक्सिडेंट, कैल्शियम, फास्फोरस और फ्लेवोनोइड का समृद्ध स्रोत है। ये सभी पोषक तत्व शरीर को बेहतर ढंग से कार्य करते रहने में सहायक होते हैं।

अध्ययनों से पता चलता है कि जामुन विटामिन-सी और आयरन से भरपूर होता है, ऐसे में इसका सेवन हीमोग्लोबिन को बढ़ाने के साथ रक्त को साफ रखने में भी सहायक है। रक्त के माध्यम से अंगों तक ऑक्सीजन ले जाने में हीमोग्लोबिन की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। फल में मौजूद आयरन आपके खून को भी शुद्ध करता है। जिन लोगों में आयरन की कमी या एनीमिया की समस्या होती है उनके लिए भी जामुन का सेवन करना विशेष लाभप्रद हो सकता है।

जामुन में पाए जाने वाले पोषक तत्व और एंटीऑक्सीडेंट्स टाइप-2 डायबिटीज की जटिलताओं को कम करने और ब्लड शुगर के स्तर को कंट्रोल रखने में सहायक हो सकता है। जामुन का ग्लाइसेमिक इंडेक्स 25 कम होता है, जो रक्त शर्करा के स्तर को सामान्य रखने में सहायक है। कुछ शोध में पता चलता है कि नियमित रूप से जामुन का फल या बीज का सेवन करने वाले लोगों में ब्लड शुगर का स्तर सामान्य बना रहता है।

हृदय रोग दुनियाभर में मृत्यु के बढ़ते जोखिम कारकों में से एक हैं, इस खतरे को कम करने के लिए भी जामुन का सेवन करना विशेष लाभकारी हो सकता है। जामुन में पोटैशियम की भरपूर मात्रा होती है जो आपके हृदय को स्वस्थ बनाए रखने के लिए आवश्यक पोषक तत्व है। 100 ग्राम जामुन में लगभग 55 मिलीग्राम पोटैशियम  होता है। उच्च रक्तचाप, हृदय रोग और स्ट्रोक जैसी बीमारियों को दूर रखने में इस फल का सेवन फायदेमंद होता है।