नई दिल्ली। दक्षिण भारतीय फिल्मों के सुपरस्टार और बेहतरीन कलाकार धनुष के फैंस के लिए बेहतरीन खबर है। उनकी डेब्यू हॉलीवुड फिल्म द ग्रे मैन का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है। इस फिल्म में धनुष कई मशहूर इंटरनेशनल कलाकारों के साथ नजर आएंगे, जिनमें कैप्टन अमेरिका फेम क्रिस एवांस और रायन गोसलिंग शामिल हैं।
फिल्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी। फिल्म का निर्देशन रूसो ब्रदर्स ने किया है। रूसो ब्रदर्स दुनियाभर में एवेंजर्स और कैप्टन अमेरिका सीरीज की फिल्मों के लिए जाने-जाते हैं। इससे पहले नेटफ्लिक्स के लिए उन्होंने एक्सट्रैक्शन का निर्माण किया था, जिसमें क्रिस हेम्सवर्थ और रणदीप हुड्डा लीड रोल्स में थे।
इस ट्रेलर का धनुष के फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। नेटफ्लिक्स ने मंगलवार देर शाम ट्रेलर जारी करके जानकारी दी कि फिल्म 22 जुलाई को रिलीज होगी। ट्रेलर में सभी मुख्य कलाकारों को जगह दी गयी है।
The gray man trailer @Russo_Brothers pic.twitter.com/QW9hBs3uRC
— Dhanush (@dhanushkraja) May 24, 2022
मुख्य रूप से ट्रेलर में रायन गोसलिंग और क्रिस एवांस के बीच फेस ऑफ दिखाया गया है, जो अमेरिकी गुप्तचर संस्था सीआईए के एजेंट बने हैं। क्रिस एवांस का किरदार लॉयड बागी हो चुके कोर्ट जेंट्री (रायन) के पीछे है। लगभग 1.59 मिनट के ट्रेलर में धनुष को सिर्फ एक दृश्य में दिखाया गया है।
हालांकि, उतनी ही देर में धनुष ने अपने अंदाज से अपनी दमदार मौजूदगी के संकेत दे दिये हैं। इस दृश्य में धनुष हॉलीवुड एक्टर के साथ भिड़ते हुए नजर आते हैं। धनुष ने ट्रेलर सोशल मीडिया में शेयर किया है। मगर ट्रेलर देखकर धनुष के तमाम फैंस निराश हैं, क्योंकि उनकी प्रेजेंस बहुत कम है।