नई दिल्ली : पश्चिम बंगाल में भाजपा कार्यकर्ता की हत्या के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मृतक अर्जुन चौरसिया के घर पहुंचे। परिजनों से मुलाकात के बाद उन्होंने कहा कि घटना की सीबीआई जांच करवाई जाए। इस दौरान उन्होंने ममता सरकार पर निशाना साधते हुए कहा- दीदी के राज में राजनीतिक हत्याएं चरम पर हैं।
दरअसल, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पश्चिम बंगाल दौरे के बीच शुक्रवार को भाजपा कार्यकर्ता का शव मिला। फांसी के फंदे से लटका हुआ उसका शव बरामद किया गया है। मृतक की पहचान काशीपुर विधानसभा निवासी अर्जुन चौरसिया के रूप में हुई है। 27 वर्षीय भाजपा कार्यकर्ता की हत्या पर भारतीय जनता पार्टी ने शोक व्यक्त किया है। पार्टी की ओर से बयान जारी कर बताया गया है कि कोलकाता में अमित शाह के स्वागत समारोह के सभी कार्यक्रमों को रद्द कर दिया गया है। भाजपा के एक अन्य वरिष्ठ नेता ने कहा कि अमित शाह यह खबर सुनकर नाराज हो गए। उन्होंने एनएससी बोस हवाई अड्डे पर अपना भव्य स्वागत रद्द करने के लिए कहा। शाह अपनी दो दिवसीय यात्रा के दूसरे चरण में उत्तर बंगाल से शहर पहुँचेंगे। बताया जा रहा है कि अमित शाह मृतक बीजेपी कार्यकर्ता के परिवार से भी मुलाकात करेंगे। इसके बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मृतक अर्जुन चौरसिया के घर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर न्याय का आश्वासन दिया। परिजनों से मुलाकात के बाद गृह मंत्री ने कहा कि मामले की CBI जांच जरुरी है। उन्होंने इसे राजनीतिक हत्या भी बताया। उल्लेखनीय है कि गृह मंत्री अमित शाह बंगाल के दो दिवसीय दौरे पर हैं। आज शाह के दौरे के दूसरे दिन बीजेपी कार्यकर्ता का शव मिलने से सनसनी फैल गई और भाजपा ने इसे बड़ा मुद्दा बना दिया।शाह ने कहा कि भाजपा सुनिश्चित करेगी कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिले। बता दें कि शाह के दो दिवसीय बंगाल दौरे के बीच कोलकाता में भाजपा कार्यकर्ता का संदिग्ध अवस्था में शुक्रवार को शव मिला। इसके बाद सूबे की सियासत गरमा गई। कोलकाता के काशीपुर इलाके में पार्टी कार्यकर्ता अर्जुन चौरसिया का सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे से लटका हुआ शव बरामद किया गया। चौरसिया का शव यहां काशीपुर के घोष बागान इलाके में एक सुनसान इमारत में लटका मिला।
गृह मंत्री ने कहा, “ममता दीदी आप तो ये ही चाहती हो कि घुसपैठ चलती रहे और बंगाल में जो शरणार्थी आए हैं उनको नागरिकता ना मिले। तृणमूल वाले कान खोलकर सुन लो, CAA वास्तविकता था, वास्तविकता है और वास्तविकता रहने वाला है।” गृह मंत्री ने कहा कि पूरे बंगाल में राजनीतिक हिंसा, प्रतिशोध में हत्याएं और विरोधी राजनीतिक दल के कार्यकर्ताओं को चुन-चुन कर निशाना बनाने के अनेक उदाहरण हमारे पास आए हैं। भाजपा अर्जुन की हत्या की घोर निंदा करती है और हम अदालत से हत्यारे को कड़ी से कड़ी सजा मिले यह सुनिश्चत करेंगे। उन्होंने इस हत्याकांड की घोर निंदा करते हुए कहा कि राज्य सरकार को इस हत्याकांड की जांच सीबीआइ को सौंप देनी जानी चाहिए।