Thursday, September 19, 2024
HomeIndian Newsसीएम केजरीवाल की गिरफ्तारी पर क्या बोला विपक्ष ?

सीएम केजरीवाल की गिरफ्तारी पर क्या बोला विपक्ष ?

हाल ही में पूरे विपक्ष ने सीएम केजरीवाल की गिरफ्तारी पर बयान दिया है, साथ ही साथ एक रैली भी निकली है! शराब घोटाला मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ आज रामलीला मैदान में विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A की महारैली हुई। इस महारैली में आम आदमी पार्टी के साथ-साथ देश भर के तमाम विपक्षी दलों के नेताओं ने शिरकत की। कांग्रेस नेता राहुल गांधी से लेकर तेजस्वी यादव तक, सभी विपक्षी दलों के दिग्गज नेताओं ने केंद्र सरकार और पीएम नरेंद्र मोदी पर जमकर हमला बोला। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने रविवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस लोकसभा चुनाव में ‘मैच फिक्सिंग’ की कोशिश कर रहे हैं, ताकि भारी बहुमत से चुनाव जीतकर संविधान खत्म किया जा सके। गांधी ने ‘इंडिया’ गठबंधन की ‘लोकतंत्र बचाओ महारैली’ में लोगों का आह्वान किया कि वे इस ‘मैच फिक्सिंग’ को रोकने के लिए पूरी ताकत से मतदान करें, क्योंकि यह संविधान और लोकतंत्र को बचाने का चुनाव है। राहुल गांधी ने क्रिकेट की मैच फिक्सिंग का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया, ‘नरेन्द्र मोदी जी इस चुनाव में मैच फिक्सिंग करने की कोशिश कर रहे हैं।’ उन्होंने दावा किया, ‘ये बिना मैच फिक्सिंग, बिना ईवीएम (छेड़छाड़) एवं सोशल मीडिया और प्रेस पर दबाव डाले बिना 180 पार नहीं होने जा रहे हैं।’ राहुल गांधी ने कहा, ‘कांग्रेस सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी है। चुनाव के बीच में ही सबसे बड़े विपक्षी दल के खाते फ्रीज कर दिए।’ उन्होंने दावा किया, ‘धमकाया जाता है, सरकारों को गिराया जाता है, नेताओं को जेल में डाल दिया जाता है…यह मैच फिक्सिंग नरेंद्र मोदी और तीन-चार सबसे बड़े अरबपति मिलकर कर रहे हैं।’ राहुल गांधी ने कहा कि इस मैच ‘फिक्सिंग’ का एक लक्ष्य है कि संविधान को गरीब जनता से छीना जा सके। उनका कहना था कि जिस दिन यह संविधान खत्म हो गया उस दिन यह हिंदुस्तान नहीं बचेगा। राहुल गांधी ने कहा, ‘यह संविधान हिंदुस्तान के दिल की धड़कन है, लोगों की आवाज है।’

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और सत्ता में बैठे अन्य लोगों को भगवान राम का यह संदेश याद रखना चाहिए कि सत्ता सदा नहीं रहती और अहंकार चूर-चूर हो जाता है। उन्होंने रामलीला मैदान में आयोजित विपक्ष की ‘लोकतंत्र बचाओ महारैली’ के दौरान भगवान राम और रामायण का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री और भाजपा पर निशाना साधा। प्रियंका गांधी ने इस बात का जिक्र किया कि वह बचपन में अपनी दादी इंदिरा गांधी के साथ रामलीला मैदान में कई रामलीलाओं की साक्षी बनीं तथा इंदिरा गांधी ने उन्हें भगवान राम के जीवन और उनके संदेश के बारे में बताया। उन्होंने दावा किया, ‘ आज जो लोग सत्ता में हैं, वो अपने आपको रामभक्त कहते हैं। मुझे लगता है कि वो कर्मकांड में उलझ गए हैं और दिखावे में लिप्त हो गए हैं। इसलिए उन्हें यह याद दिलाना जरूरी है कि हजारों साल पुरानी गाथा क्या थी।’ प्रियंका गांधी के अनुसार, ‘भगवान राम जब सत्य के लिए लड़े, तो उनके पास सत्ता और संसाधन नहीं थे। रथ, सत्ता, और संसाधन रावण के पास थे। वह सोने की लंका में रहता था। भगवान राम के पास सत्य था।’ उन्होंने कहा, ‘मैं सत्ता में बैठे सरकार के सदस्यों और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी को याद दिलाना चाहती हूं कि इस गाथा और भगवान राम का यही संदेश था कि सत्ता सदा नहीं रहती, अहंकार चूर-चूर हो जाता है।’

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को ‘ब्रह्मांड की सबसे झूठी पार्टी’ करार देते हुए कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद पूरी दुनिया में भाजपा की ‘थू-थू’ हो रही है। उन्होंने ‘इंडिया’ गठबंधन की ‘लोकतंत्र बचाओ महारैली’ में यह सवाल भी किया कि अगर भाजपा को ‘400 पार’ में इतना ही भरोसा है, तो वह इतनी घबराहट में क्यों नजर आ रही है? उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने केजरीवाल और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की गिरफ्तारियों का उल्लेख करते हुए दावा किया कि पूरी दुनिया में भाजपा की ‘थू-थू’ हो रही है। यादव ने आरोप लगाया, ‘भाजपा कहती है कि वह दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है। लेकिन सच्चाई यह है कि वह ब्रह्मांड की सबसे झूठी पार्टी है।’ उन्होंने कहा, ‘‘अगर ये (भाजपा) जांच एजेंसियों को आगे कर रहे हैं, तो 400 पार नहीं, 400 (सीट) हारने जा रहे हैं।’ यादव ने कहा, ‘अगर देश बचाना है, तो यह वोट से बचेगा। वोट से ही संविधान, लोकतंत्र और आरक्षण बचेगा। वोट से ही 90 प्रतिशत पीडीए (पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक) लोग बचेंगे।’ उन्होंने कहा, ‘उत्तर प्रदेश के लोग स्वागत करते हैं, तो समय आने पर धूमधाम से विदाई भी करते हैं।’ राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) के प्रमुख पवार ने कहा कि विपक्ष के नेताओं के खिलाफ जिस तरह से कार्रवाई हो रही है, वो देश के लोकतंत्र और संविधान पर हमला है। उन्होंने कहा, ‘हम लोगों के लिए सोचने का समय आ गया है। केजरीवाल को जेल भेजा, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री (सोरेन) को जेल भेजा। इससे पहले दिल्ली, पश्विम बंगाल और महाराष्ट्र के कई नेताओं को जेल भेजा गया। यह कार्रवाई संविधान पर हमला है। ’

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ की रैली में जेल से दिए अपने पति का संदेश पढ़ते हुए कहा कि भारत माता पीड़ा में हैं और यह अत्याचार नहीं चलेगा। शीर्ष विपक्षी नेता ‘लोकतंत्र बचाओ’ रैली के लिए रामलीला मैदान में एकत्र हुए। सुनीता केजरीवाल ने कहा, ‘पिछले 75 वर्ष में दिल्ली के लोगों ने अन्याय का झेला है। अगर ‘इंडिया’ गठबंधन सत्ता में आता है तो हम दिल्ली को पूर्ण राज्य बनाएंगे।’ सुनीता केजरीवाल ने कहा, ‘आपके अपने केजरीवाल ने जेल से आपके लिए एक संदेश भेजा है। इस संदेश को पढ़ने से पहले, मैं आपसे कुछ पूछना चाहूंगी। हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेरे पति को जेल में डाल दिया, क्या प्रधानमंत्री ने सही काम किया? क्या आप मानते हैं कि केजरीवाल जी एक सच्चे देशभक्त और ईमानदार व्यक्ति हैं? ये भाजपा के लोग कह रहे हैं कि केजरीवाल जी जेल में हैं, उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए।

I.N.D.I.A गठबंधन की ‘महारैली’ को संबोधित करते हुए PDP प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने कहा कि आज देश बहुत मुश्किल हालात से गुजर रहा है। ऐसा हाल है, ना कोई वकील, ना कोई दलील, ना कोई कार्रवाई, सीधा जेल। शायद कलयुग का अमृतकाल इसी को कहते हैं कि आप बिना कुछ पूछे लोगों को जेल में डाल देते हैं। मैं आपके चुने हुए नुमाइंदों की बात कर रही हूं जिन्हें आप वोट देकर विधायक, सांसद, मुख्यमंत्री, मंत्री बनाते हैं। कैसे उन पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाकर बिना कोई वकालत और कार्रवाई के जेल में डाला जाता है। हमने जम्मू-कश्मीर में पिछले 5 साल तक यही देखा है। जब आप संविधान और कानून का उल्लंघन करते हैं तो वो देशहित में नहीं होता बल्कि देशद्रोह होता है। केजरीवाल और हेमंत सोरेन का क्या कसूर?

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments