Saturday, March 15, 2025
HomeIndian Newsराष्‍ट्रपति चुनाव में किसने दिया दगा, पता नहीं कर सकती कांग्रेस?

राष्‍ट्रपति चुनाव में किसने दिया दगा, पता नहीं कर सकती कांग्रेस?

राष्ट्रपति चुनाव में इस बार काफी हद तक क्रॉस वोटिंग हुई है! गुजरात में इस साल के अंत तक विधानसभा चुनाव होंगे। राजस्‍थान और मध्‍य प्रदेश में अगले साल। गुजरात और मध्‍य प्रदेश में कांग्रेस बीजेपी को सत्‍ता से उखाड़ फेंकने को बेताब है। वहीं, राजस्‍थान को वह मुट्ठी से खिसकने नहीं देना चाहती है। हालांकि, इन राज्‍यों में चुनाव से पहले ही कांग्रेस की धुकधुकी बढ़ गई है। राष्‍ट्रपति चुनावों के नतीजे आने के बाद ऐसा हुआ है। गुजरात में कांग्रेस के सात विधायकों ने द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में क्रॉस वोटिंग की है। मध्य प्रदेश में 19 गैर-बीजेपी विधायकों ने ऐसा किया है। जबकि राजस्‍थान में कांग्रेस के दो विधायकों ने पार्टी लाइन के उलट वोटिंग की। आशंका है कि ये विधायक ऐन मौके पर कांग्रेस को झटका दे सकते हैं। पार्टी के सामने दिक्‍कत यह है कि वह इनकी पहचान भी नहीं कर सकती है। इसकी वजह यह है कि राष्‍ट्रपति चुनाव में वोटिंग गोपनीय बैलट में होती है। सोनिया गांधी और राहुल बिल्‍कुल नहीं चाहेंगे कि इन राज्‍यों में बीजेपी को टक्‍कर देने से पहले ही कांग्रेस का खेमा तितर-बितर हो जाए। वे पहले की इसका नमूना कई राज्‍यों के चुनावों में देख चुके हैं।

27 साल बाद गुजरात में मौका

कांग्रेस 27 साल से गुजरात की सत्‍ता से दूर है। वह दोबारा सत्‍ता में आने का ख्‍वाब दे रही है। इसके लिए वह तमाम तरह के जोड़तोड़ में जुटी हुई है। उसने रणनीतिक स्‍तर पर भी कई बदलाव किए हैं। इसी के तहत हाल ही में पार्टी ने अपने नेता विपक्ष को बदला है। पाटीदार परेश धानानी को हटाकर आदिवासी सुखराम को इसकी कमान सौंपी गई है। जगदीश ठाकुर को प्रदेश अध्‍यक्ष बनाया गया है। जिग्‍नेश मेवानी के रूप में बड़ा दलित चेहरा भी लाया गया है। इस जोड़तोड़ के जरिये क्षत्रिय, दलित, आदिवासी और मुस्लिम वोटों को लुभाने की तैयारी है। राज्‍य में बीजेपी 27 साल से सत्‍ता में काबिज है। वह फिर सत्‍ता में आने के लिए दम लगाएगी। हालांकि, उसके सामने एंटी-इनकम्‍बेंसी यानी सत्‍ता विरोधी लहर की चुनौती भी होगी। इस बार चुनाव में आम आदमी पार्टी तीसरे विकल्‍प के तौर पर मैदान में है। कांग्रेस के सामने यह चुनौती भी होगी कि वह अपने वोट बैंक को पार्टी की दस्‍तक से कैसे बचाए। इस तरह उसके सामने दोहरी चुनौती है।

यह और बात है इस दोहरी चुनौती के बीच कांग्रेस टेंशन में है। राष्‍ट्रपति चुनाव में राज्‍य के कम से कम सात विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की है। वोटों की गिनती का जो ब्योरा सामने आया है, उससे पार्टी हैरान है। इससे पता चलता है कि पार्टी के करीब सात विधायकों ने द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में वोट किया। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति चुनाव में जीत हासिल की है। मुर्मू को गुजरात में 121 वोट मिले। इसके उलट विधानसभा में बीजेपी के विधायकों की संख्या 111 है। मुर्मू को मिले 10 अतिरिक्त वोटों में से एक राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के विधायक का है। वहीं, दो वोट भारतीय जनजातीय पार्टी के हो सकते हैं। यह संकेत देता है कि कांग्रेस के कम से कम सात विधायकों ने मुर्मू के पक्ष में क्रॉस वोटिंग की। संयुक्त विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को गुजरात में 57 वोट मिले।

राजस्‍थान में भी बीजेपी मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के किले को तोड़ने में कामयाब हुई है। कांग्रेस के 2 विधायकों ने मुर्मू के पक्ष में क्रॉस वोटिंग की। मध्‍य प्रदेश में भी क्रॉस वोटिंग देखने को मिली है। मध्य प्रदेश के 230 सदस्यीय विधानसभा में बीजेपी के 127 और कांग्रेस के 96 विधायक हैं। इसके अलावा बसपा के दो, सपा का एक और चार निर्दलीय विधायक हैं। मध्य प्रदेश में 19 विधायकों ने मुर्मू के पक्ष में वोट किया। उत्‍तराखंड और गोवा जैसे राज्‍यों में भी कांग्रेस विधायकों ने पार्टी लाइन के इतर वोट दिया। राष्‍ट्रपति चुनाव में कुल मिलाकर 126 विधायकों और 17 सांसदों ने विपक्ष की एकता को चोट पहुंचाई है।

क्‍यों टेंशन में है सोनिया और राहुल गांधी?

कांग्रेस के लिए इस बार गुजरात की राह आसान हो सकती थी। सत्‍ता विरोधी लहर का उसे सीधे फायदा मिलने के आसार थे। हालांकि, आम आदमी पार्टी (आप) की एंट्री ने कांग्रेस के समीकरण बिगाड़ दिए हैं। विधानसभा चुनावों से पहले आप गुजरात में बेहद सक्रिय हो गई है। उसने बीटीपी के साथ गठबंधन किया हुआ है। आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल गुजरात का लगातार दौरा कर रहे हैं। इसे मुकाबला त्रिकोणीय बन सकता है। इस त्रिकोणीय मुकाबले में अगर किसी को नुकसान होगा तो वह कांग्रेस होगी। जहां तक एमपी का सवाल है तो वहां माहौल कमोबेश शिवराज सिंह चौहान के फेवर में ही है। इसके उलट राजस्‍थान में उलटफेर हो सकता है। कांग्रेस के भीतर की रस्‍साकशी पार्टी पर भारी पड़ सकती है।

कांग्रेस को डर है कि जिन विधायकों ने राष्‍ट्रपति चुनाव में क्रॉस वोटिंग की है वो विधानसभा इलेक्‍शन से पहले छिटककर बीजेपी या फिर दूसरी पार्टियों में जा सकते हैं। कांग्रेस अध्‍यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी ऐसा कतई नहीं चाहेंगे। हाल के दिनों में कांग्रेस आलाकमान की पकड़ पार्टी पर कमजोर हुई है। इस ढीली पकड़ के कारण पार्टी से कई बड़े नेताओं का पलायन हुआ है। पार्टी के सामने एक और दिक्‍कत यह है कि ऐसी कोई तरकीब नहीं है जिससे वह उन विधायकों के बारे में पता लगा पाए जिन्‍होंने राष्‍ट्रपति चुनाव में क्रॉस वोटिंग की। दरअसल, राष्ट्रपति चुनाव में पार्टी न तो व्हिप जारी कर सकती है और न ही विधायकों को मतदान के बाद अपना मतपत्र दिखाना पड़ता है। लिहाजा, यह पता लगाना मुश्किल है कि पार्टी के खिलाफ कौन गया। पार्टी के सामने अब एक ही विकल्‍प है। वह अपने विधायकों पर नजर रखे और उनकी पहचान करे। इसके उलट बीजेपी अपने पैंतरे में हर जगह कामयाब दिखाई दे रही है। उसने कांग्रेस मुक्‍त भारत का एजेंडा तैयार किया है। जिस तरह से वह एक के बाद एक चुनाव में कांग्रेस का सूपड़ा साफ कर रही है, उससे वह अपने एजेंडे को हासिल करने के बेहद करीब दिख रही है।

Disclaimer:

Mojo Patrakar may publish content sourced from external third-party providers. While we make every reasonable effort to verify the accuracy, reliability, and completeness of this information, Mojo Patrakar does not guarantee or endorse the views, opinions, conclusions, or authenticity of content provided by these third-party entities. Such content is presented solely for informational purposes, and it is not intended to substitute professional advice or to serve as a comprehensive basis for decision-making.

Mojo Patrakar expressly disclaims any liability for errors, omissions, or inaccuracies that may arise from third-party content, as well as any reliance readers may place upon it. Users are strongly encouraged to conduct independent verification and consult with qualified professionals as necessary before making any decisions based on information obtained through Mojo Patrakar.

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments