हाल ही में हरियाणा हैट्रिक के बाद संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने एक बड़ा बयान दे दिया है! हरियाणा विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। लोकसभा चुनाव में जहां बीजेपी अपने दम पर बहुमत तक हासिल नहीं कर पाई थी, उसके लिए ये चुनाव बेहद अहम था। लोकसभा चुनाव के बाद राहुल गांधी समेत पूरी कांग्रेस लगातार पीएम मोदी को निशाना बना रही थी। लोकसभा चुनाव के बाद कुछ राज्यों के उपचुनाव में भी बीजेपी कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाई थी। कई बार ऐसा लगा कि बीजेपी बैकफुट पर आ गई है। लेकिन आज जब बीजेपी ने हरियाणा में जीत की हैट्रिक लगाई तो पीएम मोदी एक बार फिर से फ्रंटफुट पर आ गए। उन्हें कांग्रेस पर निशाना साधने का मौका मिल गया और उन्होंने इसका पूरा फायदा उठाया। बीजेपी के विजय उत्सव पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कांग्रेस को जमकर घेरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उसे परजीवी पार्टी करार दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरी तरह परजीवी पार्टी बन गई है। हरियाणा में अकेले थी तो करारी हार मिली। जम्मू कश्मीर में उसकी सहयोगी पार्टी पहले से कह रही थी कि कांग्रेस की वजह से उसे नुकसान हो रहा है और नतीजों में भी वही दिखा। लोकसभा चुनाव में भी कांग्रेस ने जितनी सीटें जीती उसमें से आधी से ज्यादा सीटें अपने सहयोगियों की वजह से जीती हैं। जहां सहयोगियों ने कांग्रेस पर भरोसा किया वहां उनकी ही नैया डूब गई।
पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस भारत के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय साजिश का हिस्सा हैं और इस खेल में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि बीते कुछ समय से भारत के खिलाफ कई तरह के षडयंत्र चल रहे हैं। भारत के लोकतंत्र, अर्थतंत्र और सामाजिक तानेबाने को कमजोर करने के लिए अंतरराष्ट्रीय साजिशें हो रही हैं। कांग्रेस जैसी राष्ट्रीय पार्टी और उनके चट्टे बट्टे इस खेमे में, इस खेल में शामिल हैं।
मोदी ने कहा, देश के ज्यादातर राज्यों के लोगों ने कांग्रेस के लिए नो एंट्री का बोर्ड लगा दिया है। पहले कांग्रेस सोचती थी कि वो चाहे काम करे या न करे, लोग तो उसको वोट देंगे ही। लेकिन अब कांग्रेस की पोल खुल चुकी है। कांग्रेस सत्ता को अपना जन्मसिद्ध अधिकार मानती है। सरकार में न रहने पर कांग्रेस की हालत जल बिन मछली जैसी हो जाती है। इसलिए वो सरकार में आने के बाद देश और समाज को दांव पर लगाने से नहीं हिचकती। आज पूरा देश देख रहा है कि कैसे कांग्रेस हमारे समाज में जाति का जहर फैलाने पर उतर आई है। जो लोग सोने का चम्मच मुंह में लेकर पैदा हुए, वो गरीब को जाति के नाम पर लड़वाना चाहते हैं।
हमारे दलित, पिछड़े और आदिवासी समाज को भूलना नहीं है कि ये कांग्रेस ही है, जिसने उनपर सबसे ज्यादा अत्याचार किया है। ये कांग्रेस है, जिसने उन्हें इतने दशकों तक रोटी, पानी, मकान से वंचित रखा। कांग्रेस का परिवार दलितों, पिछड़ों और आदिवासियों से नफरत करता है, उनसे चिढ़ता है। आज जब दलित, पिछड़े, आदिवासी शीर्ष स्थान पर जा रहे हैं, तो इनके पेट में चूहे दौड़ने लगते हैं। कांग्रेस के इस शाही परिवार ने तो डंके की चोट पर कहा कि वो आरक्षण खत्म कर देंगे। दलितों और पिछड़ों का आरक्षण छीनकर कांग्रेस अपने वोटबैंक को देना चाहती थी। हरियाणा में भी वो यही करने जा रही थी। उसका डिब्बा गोल हो चुका है।
पीएम मोदी ने जाति जनगणना के मसले पर कांग्रेस पर निशाना साधा। दरअसल कांग्रेस लगातार जाति जनगणना की मांग कर रही है। पीएम ने कहा कि कांग्रेस सत्ता को अपना जन्मसिद्ध अधिकार मानती है। इसलिए सरकार में आने के बाद कांग्रेस देश को, समाज को दांव पर लगाने से नहीं हिचकती। मोदी ने कहा कि देश देख रहा है कि कांग्रेस कैसे समाज में जाति का जहर फैलाने पर उतर आई है। जो लोग सोने का चम्मच लेकर पैदा हुए, पीढ़ी दर पीढ़ी फाइव स्टार लाइफ जीते आ रहे हैं वे गरीब को जाति के नाम पर लड़ाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने दलितों, पिछड़ों पर सबसे ज्यादा अत्याचार किया। इतने दशकों तक उन्हें रोटी पानी मकान से वंचित रखा। ये वे लोग हैं जो 100 साल बाद भी किसी आदिवासी, दलित, पिछड़े को पीएम नहीं बनने देंगे। कांग्रेस का परिवार दलित, आदिवासियों, पिछड़ों से नफरत करता है। कांग्रेस दलित, पिछड़ों का आरक्षण छीनकर अपने वोट बैंक में देना चाहती थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भारत में अराजकता फैलाकर देश को कमजोर करना चाहती है। इसलिए अलग अलग वर्गो को भड़का रहे हैं। लगातार आग लगाने की कोशिश कर रहे हैं। किसानों को भड़काने की कोशिश की लेकिन हरियाणा के किसानों ने कांग्रेस को करारा जवाब दिया। कांग्रेस ने युवाओं को भी भड़काने की कोशिश की लेकिन उन्होंने भी करारा जवाब दिया।
पीएम ने कहा कि लोकसभा चुनाव के नतीजों में भी यही देखा था कि कांग्रेस ने जितनी सीटे जीती उसमें आधी से ज्यादा सीटें अपने सहयोगियों की वजह से जीती हैं। जहां सहयोगियों ने कांग्रेस पर भरोसा किया वहां उनकी ही नैया डूब गई। मोदी ने कहा कि कांग्रेस ऐसा जैसे बनना चाहती है जहां लोग अपनी विरासत पर गर्व ना करें, अपने संस्थाओं पर शंका करें। चुनाव आयोग, सेना, पुलिस, न्यायपालिका हर संस्था पर कांग्रेस दाग लगाना चाहती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी चुनाव आयोग पर आरोप लगाकर देश की जनता को गुमराह करने की कोशिश करती है। पीएम ने कहा कि जम्मू कश्मीर का चुनाव कई मायनों में ऐतिहासिक रहा। उन्होंने कहा कि कई लोगों ने पहली बार वोट डाला जिन्हें पहले वह हक नहीं दिया गया था। मोदी ने कहा कि कुछ लोगों ने कहते थे कि आर्टिकल 370 हटने पर कश्मीर जल जाएगा, लेकिन कश्मीर जला नहीं खिला है और खिलखिलाया है। मोदी ने कहा कि हमने जम्मू कश्मीर में संविधान की स्प्रिट फिर से स्थापित की है।