आने वाले समय में कैसा रहेगा देश का मौसम?

0
379

आज हम आपको बताएंगे कि आने वाले समय में देश का मौसम आखिर कैसा रहेगा ! राजधानी दिल्ली समेत देशभर के कई राज्यों में ठंड ने दस्तक दे दी है। पूरे उत्तर भारत में सुबह-शाम कोहरा देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने आज दिल्ली-एनसीआर में कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी शुरू हो गई है। इस बीच लोगों को सर्दियों के कपड़े पहनने पड़ रहे हैं और घरों में कूलर-पंखे भी बंद हो गए हैं। मौसम विभाग का कहना है कि पहाड़ों से आने वाली ठंडी हवाओं की वजह से उत्तर भारत में पारा और गिरेगा। इसके अलावा दिल्ली समेत कई राज्यों में प्रदूषण भी गंभीर स्तर पर पहुंच चुका है। दिल्ली-एनसीआर के इलाकों में पिछले दो-तीन दिनों से घना कोहरा देखने को मिल रहा है। आईएमडी ने आज भी कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। सुबह से ही दिल्ली के आसमान में घना कोहरा छाया हुआ है। दिल्ली में गुरुवार की शाम ठंडी हवाएं चलीं और कोहरे की मोटी चादर छाई रही जिससे विजिबिलिटी कम हो गई और सर्दी बढ़ गई। राजधानी में इस मौसम का अब तक का दूसरा सबसे कम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आज आसमान साफ रहने का अनुमान जताया है और सुबह के समय करीब आठ किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चलने की उम्मीद है। दिल्ली में सुबह के समय कुछ स्थानों पर मध्यम से घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इसके बाद हवा की गति बढ़ जाएगी, जो अपराह्न में 12 किमी प्रति घंटे तक पहुंच जाएगी।

उत्तराखंड में भी मौसम का मिजाज बदल चुका है। पहाड़ों पर बर्फबारी शुरू हो गई है। इस बीच मौसम विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। बर्फबारी की वजह से राज्य में ठंड बढ़ेगी और दिन में गर्मी से राहत मिलेगी। मौसम विभाग के अनुसार उत्तराखंड में 16 नवंबर तक मौसम शुष्क बना रहेगा जबकि 17 नवंबर से बारिश होने की संभावना है। वही पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। पहाड़ों पर भी प्रदूषण का असर देखने को मिल रहा है। कई जगहों पर एक्यूआई 250 के पार पहुंच चुका है।

यूपी के कई जिलों में भी ठंड का अहसास होना शुरू हो गया है। सुबह-शाम ठंड के साथ घना कोहरा देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने आज भी यूपी के कई जिलों में कोहरे का अलर्ट जारी किया है। हालांकि दिन में मौसम साफ बना रहेगा। आईएमडी के अनुसार आज मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा और बलरामपुर में घना कोहरा छाने की संभावना है। वहीं यूपी के कई जिलों में हवा जहरीली हो चुकी है और एक्यूआई 400 तक पहुंच चुका है।

बिहार के कई जिलों में ठंड बढ़ने वाली है। मौसम विभाग ने आज बिहार के कई इलाकों में कोहरे की चेतावनी जारी की है। सुबह से ही कई जिलों में कोहरे की चादर छाई हुई है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में पारा और गिरेगा। दरअसल एक नया पश्चिमी विक्षोभ आया है जिसकी वजह से पहाड़ी और मैदानी इलाकों के मौसम का मिजाज बदलेगा। इसके चलते बिहार के कई जिलों के तापमान में गिरावट होगी। अगर पहाड़ों पर बर्फबारी होती है, तो जल्द ही कंपकंपी वाली ठंड का अहसास होना शुरू हो जाएगा।

यही नहीं राजधानी दिल्ली में बुधवार को इस मौसम(IMD Weather Update) में पहली बार घना कोहरा छाया और सीजन का अबतक का सबसे कम अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आज भी दिल्ली-एनसीआर में कोहरे की संभावना जताई है। इसके साथ ही सुबह के समय छह किलोमीटर प्रति घंटे से कम गति की हवाएं चलने की संभावना है। आईएमडी ने यह भी कहा कि सुबह के समय स्मॉग या घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। दोपहर में उत्तर-पश्चिम से हवा की गति बढ़कर 10 किमी प्रति घंटे से कम हो जाएगी, जबकि शाम और रात में उसी दिशा से हवा की गति घटकर आठ किमी प्रति घंटे से कम हो जाएगी।

मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में तमिलनाडु के सिरकाली और कोलाई डैम में भारी बारिश दर्ज की गई। पुडुचेरी और रायल सीमा के गुडूर में भी बारिश हुई। दिल्ली, पंजाब, पश्चिमी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में घना कोहरा छाया रहा। हरियाणा के कुछ इलाकों में भी घना कोहरा देखने को मिला। वहीं उत्तर तमिलनाडु और उससे सटे बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र अब कमजोर पड़ गया है। बांग्लादेश के ऊपर एक और चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। एक पश्चिमी विक्षोभ आज रात से हिमालय क्षेत्र, जम्मू और कश्मीर को प्रभावित करना शुरू कर देगा।

अगले दो-तीन दिनों तक उत्तर-पश्चिम भारत में रात और सुबह के समय घना कोहरा छाया रहेगा। आज भी पंजाब में बहुत घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। पूरे उत्तर-पश्चिम भारत, जिसमें गंगा के मैदानी इलाके, हिमाचल प्रदेश, सिक्किम, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और झारखंड शामिल हैं, में घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। वहीं आज आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और केरल में भारी बारिश होने की संभावना है।