अमेरिका के टेक्सास में एक एलिमेंट्री स्कूल में एक 18 वर्षीय लड़के द्वारा की गई अंधाधुंध फायरिंग में 19 स्कूली बच्चों समेत 21 लोगों की मौत हो गई। इस घटना के बाद राष्ट्रपति जो बाइडेन ने बंदूक लॉबी पर भड़कते हुए कहा कि इस लॉबी के खिलाफ खड़े होने का वक्त आ गया है। अमेरिका में गन फायरिंग की घटनाएं हाल के वर्षों में तेजी से बढ़ी हैं। इसकी वजह वहां के गन कल्चर को माना जाता है। अमेरिका में गन खरीदना दुनिया में सबसे आसान है और दुनिया में सबसे ज्यादा सिविल गन्स अमेरिका में ही हैं।
अमेरिका में फल और सब्जी खरीदने जैसा है बंदूक खरीदना
अमेरिका में गन कल्चर का इतिहास करीब 230 साल पुराना है। 1791 में संविधान के दूसरे संशोधन के तहत अमेरिका नागरिकों को हथियार रखने और खरीदने का अधिकार दिया गया। अमेरिका में इस कल्चर की शुरुआत तब हुई थी, जब वहां अंग्रेजों का शासन था। उस समय वहां स्थायी सिक्योरिटी फोर्स नहीं थी, इसीलिए लोगों को अपनी और परिवार की सुरक्षा के लिए हथियार रखने का अधिकार दिया गया, लेकिन अमेरिका का ये कानून आज भी जारी है।
अमेरिका में गन कल्चर दुनिया में सबसे ज्यादा कुख्यात है। माना जाता है कि यहां बंदूक खरीदना सब्जी और फल खरीदने जैसा है। अमेरिका में सैकड़ों ऐसे स्टोर, शॉपिंग आउटलेट और छोटी-छोटी दुकानें हैं, जहां बंदूकें बेची जाती हैं। पूरे अमेरिका में हर वीकेंड पर बंदूकों की प्रदर्शनी लगती है। वहां बंदूकें वॉलमॉर्ट जैसी बड़ी कंपनियों के स्टोर से लेकर छोटी दुकानों पर बिकती हैं।
अमेरिका में कोई भी आम आदमी आसानी से बंदूक खरीद सकता है। हथियारों के इस खुले लेन-देन में कोई जांच-पड़ताल नहीं होती। जांच केवल दुकान से बंदूक खरीदने पर ही होती है। बंदूक खरीदते समय खरीदार को एक फॉर्म में नाम, पता, जन्मतिथि और नागरिकता की जानकारी देनी होती है। बंदूक बेचने वाले खरीदार की जानकारी अमेरिकी खुफिया एजेंसी फेडरल ब्यूरो ऑफ इंवेस्टिगेशन यानी FBI से साझा करता है, जो बंदूक खरीदार के बैकग्राउंड की जांच करती है।
अमेरिका के द गन कंट्रोल एक्ट (GCA) के मुताबिक, राइफल या कोई भी छोटा हथियार खरीदने के लिए न्यूनतम उम्र 18 साल और अन्य हथियारों जैसे हैंडगन खरीदने की न्यूनतम उम्र 21 साल होनी चाहिए। वहां हथियार खरीदने के लिए ही नहीं, बल्कि बेचने वाले की भी उम्र 21 साल से ज्यादा होनी चाहिए।
अमेरिका में केवल समाज के लिए खतरनाक, भगोड़े, नशे में संलिप्त, मानसिक रूप से बीमार और 1 साल से अधिक जेल और 2 साल से अधिक की सजा पाए लोगों को ही बंदूक खरीदने की इजाजत नहीं है।
दुनिया की 46% सिविलियन बंदूकें अकेले अमेरिका के पास
नागरिकों के बंदूक रखने के मामले में अमेरिका दुनिया में सबसे आगे है। स्विट्जरलैंड के स्मॉल आर्म्स सर्वे यानी SAS की रिपोर्ट के मुताबिक, दुनिया में मौजूद कुल 85.7 करोड़ सिविलियन गन यानी बंदूकों में से अकेले अमेरिका में ही 39.3 करोड़ सिविलयन बंदूक मौजूद हैं। दुनिया की आबादी में अमेरिका का हिस्सा 5% है, लेकिन दुनिया की कुल सिविलियन गन में से 46% अकेले अमेरिका में हैं।
अक्टूबर 2020 में आए गैलप सर्वे के मुताबिक, 44% अमेरिकी वयस्क उस घर में रहते हैं, जहां बंदूकें हैं, इनमें से एक तिहाई वयस्कों के पास बंदूकें हैं।
दुनिया में केवल तीन ही देश ऐसे हैं, जहां बंदूक रखना संवैधानिक अधिकार है। अमेरिका, ग्वाटेमाला और मैक्सिको। हालांकि, अमेरिका की तुलना में ग्वाटेमाला और मैक्सिको में लोगों के पास काफी कम बंदूकें हैं। साथ ही पूरे मैक्सिको में केवल एक ही गन स्टोर है, जिस पर आर्मी का नियंत्रण है।
अमेरिका में वहां की आबादी से भी ज्यादा सिविलियन गन
SAS की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका की जनसंख्या से ज्यादा वहां नागरिकों के पास बंदूकें, यानी सिविलियन गन हैं। अमेरिका की आबादी करीब 33 करोड़ है और वहां सिविलियन गन करीब 40 करोड़ हैं।
अमेरिका में हर 100 लोगों पर 120 बंदूकें उपलब्ध हैं। 2011 में ये संख्या प्रति 100 लोगों पर 88 बंदूकों की थी। अमेरिका के बाद इस मामले में दूसरे नंबर पर यमन है, जहां हर 100 लोगों पर 53 बंदूकें उपलब्ध हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, जनवरी 2019 से अप्रैल 2021 के दौरान अमेरिका में 75 लाख वयस्कों ने पहली बार बंदूक खरीदी। इससे अमेरिका में 1.1 करोड़ लोगों के घर में पहली बार बंदूक पहुंच गई, जिनमें 50 लाख बच्चे शामिल थे। इस दौरान पहली बार बंदूक खरीदने वालों में से आधी की खरीदार महिलाएं थीं, जबकि करीब 40% बंदूकें अश्वेतों ने खरीदीं।
अमेरिका में जानलेवा बनता बंदूक कल्चर
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका में बंदूक से हुई हिंसा की वजह से पिछले 50 वर्षों में 15 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। ये संख्या 1776 में अमेरिका की आजादी के बाद से पिछले करीब 250 सालों में अमेरिका के सभी युद्धों में मारे गए कुल सैनिकों की संख्या से भी ज्यादा है।
US सेंटर्स फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन यानी CDC की रिपोर्ट के मुताबिक, औसतन अमेरिका में हर दिन 53 लोगों की मौत गन की वजह से होती है। इस रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका में 79% हत्याएं बंदूकों से होती हैं।