टॉप ऑर्डर बैटर शुभमन गिल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले पहले टेस्ट से बाहर हो गए हैं। वे शनिवार को प्रैक्टिस मैच के दौरान चोटिल हो गए थे। वहीं, भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल ने वाका में प्रैक्टिस शुरू कर दी है। राहुल को शुक्रवार को प्रैक्टिस मैच के दौरान दाएं कोहनी में चोट लग गई थी। उधर, देवदत्त पडिक्कल को ऑस्ट्रेलिया में ही रोक लिया गया। वे पिछले 20 दिनों से ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट खेलने गई इंडिया-ए टीम का हिस्सा थे। क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय टीम मैनेजमेंट ने सिलेक्शन कमेटी से बात करने के बाद पडिक्कल को सीनियर टीम के बैकअप के लिए ऑस्ट्रेलिया में ही रोक लिया है। भारतीय टीम बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के लिए ऑस्ट्रेलिया दौरे पर गई है। टीम दौरे की शुरुआत 22 नवंबर से पर्थ में पहले टेस्ट के साथ करेगी। वहां भारतीय टीम को 5 टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है। स्लिप में फील्डिंग को दौरान चोटिल हुए थे गिल
गिल को शनिवार को पर्थ में मैच सिमुलेशन के दौरान स्लिप में फील्डिंग करते समय उंगली में चोट लगी थी। क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, उनके अंगूठे में फ्रैक्चर है और वे पहले टेस्ट से बाहर हो गए हैं। हालांकि गिल की चोट को लेकर BCCI की ओर से अब तक कोई ऑफिशियल बयान नहीं आया है। राहुल पूरी तरह से सहज दिखे
राहुल ने रविवार को एक्सरसाइज के बाद काफी देर तक नेट्स में बैटिंग की। BCCI फिजियोथेरेपिस्ट कमलेश जैन और योगेश परमार ने कहा, वे पूरी तरह फिट हैं, तभी उन्हें बैटिंग की इजाजत दी गई। स्कैन के बाद पता लगा कि उनकी चोट गंभीर नहीं है और ना ही कोई फैक्चर है। शुक्रवार को प्रैक्टिस मैच के दौरान राहुल की कोहनी में प्रसिद्ध कृष्णा की बॉल लगी और वे स्कैन के लिए मैदान से बाहर चले गए थे। वे शनिवार को अभ्यास सत्र में हिस्सा नहीं लिए थे। रोहित की गैरमौजूदगी में ओपनिंग के ऑप्शन राहुल
राहुल की वापसी टीम इंडिया के लिए राहत की खबर है। 32 साल के राहुल भारतीय कप्तान रोहित शर्मा के पहला टेस्ट नहीं खेलने पर ओपनिंग के ऑप्शन है। रोहित अब तक ऑस्ट्रेलिया नहीं पहुंचे
कप्तान रोहित शर्मा के पहला टेस्ट खेलने पर असमंजस बना हुआ है। रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्होंने पहले टेस्ट में BCCI से छुट्टी मांगी है। हालांकि BCCI का कहना है कि रोहित पर्थ टेस्ट से पहले टीम से जुड़ जाएंगे। टीम इंडिया के टेस्ट और वनडे कप्तान रोहित दूसरी बार पिता बन गए हैं। उनकी पत्नी रितिका सजदेह ने 15 नवंबर को देर रात बेटे को जन्म दिया। रोहित ने अपने बच्चे के जन्म के लिए टीम इंडिया से ब्रेक लिया था। वह टीम के साथ ऑस्ट्रेलिया भी नहीं पहुंचे। पडिक्कल ने इंग्लैंड के खिलाफ डेब्यू किया था
देवदत्त पडिक्कल ने इसी साल मार्च में इंग्लैंड के खिलाफ डेब्यू किया था। उन्होंने अपने पहले ही मैच में 65 रन बनाए थे। हाल ही उन्होंने ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ इंडिया-ए के लिए खेलते हुए, चार पारियों में 151 रन बनाए थे। जिसमें 88 रन की इनिंग भी शामिल है। ———————————————————————— स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें… मैक्ग्रा बोले- कोहली इमोशनल, उन्हें टारगेट बनाओ ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज ग्लेन मैक्ग्रा ने ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को विराट कोहली पर दबाव बनाने की सलाह दी है। 54 साल के इस दिग्गज ने कहा, ‘आउट ऑफ फॉर्म चल रहे कोहली खराब शुरुआत के चलते दबाव में होंगे। कंगारुओं को उन्हें टारगेट बनाना चाहिए। न्यूजीलैंड से हार के बाद अब ऑस्ट्रेलिया के पास उनके खिलाफ काफी गोला-बारूद है।” पढ़ें पूरी खबर…
चोटिल गिल पहले टेस्ट से बाहर:राहुल ने प्रैक्टिस शुरू की, दो दिन पहले चोटिल हुए थे; पडिक्कल को ऑस्ट्रेलिया में रोका गया
PM ने गोधरा-कांड पर बनी फिल्म की तारीफ की:साबरमती रिपोर्ट पर कहा- सच सामने आना अच्छी बात, झूठी धारणा सिर्फ कुछ वक्त रहती है
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को गोधरा कांड पर बनी फिल्म साबरमती रिपोर्ट की तारीफ की। उन्होंने एक यूजर की साबरमती रिपोर्ट पर की गई पोस्ट को X पर रीट्वीट करके लिखा- “यह अच्छी बात है कि सच सामने आ रहा है, वो भी इस तरह से कि आम जनता भी इसे देख सके। झूठी धारणा सिर्फ कुछ वक्त कायम रह सकती है, हालांकि तथ्य सामने आता ही है।” फिल्म साबरमती रिपोर्ट 2 दिन पहले 15 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। फिल्म में विक्रांत मैसी मुख्य भूमिका में हैं। यह फिल्म करने के बाद एक्टर विक्रांत मेसी ने कहा था कि उन्हें धमकियां मिल रही हैं। PM मोदी ने जो पोस्ट रीट्वीट की है, वो एक जर्नलिस्ट की है। उसमें फिल्म को लेकर कहा गया है कि यह फिल्म जरूर देखनी चाहिए। हमारे इतिहास की सबसे शर्मनाक घटना का सच यह फिल्म सामने लाती है। इसे बनाते वक्त निर्माताओं ने सम्मान और संवेदनशीलता का बहुत ध्यान रखा है। इस फिल्म ने दिखाया कि कुछ राजनीतिज्ञों ने ट्रेन में पैसेंजर्स को जलाए जाने की घटना का इस्तेमाल कैसे एक लीडर की छवि खराब करने के लिए किया। द कश्मीर फाइल्स और आर्टिकल 370 फिल्मों की भी तारीफ कर चुके पीएम मोदी
पीएम मोदी ने इससे पहले द कश्मीर फाइल्स और आर्टिकल 370 फिल्मों की भी तारीफ की थी। 12 मार्च 2022 को द कश्मीर फाइल्स के मेकर्स ने पीएम से मुलाकात की थी। फिल्म के प्रोड्यूसर अभिषेक अग्रवाल ने मुलाकात की फोटोज शेयर करते हुए लिखा था- ‘माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी से मिलकर बहुत अच्छा लगा। यह मुलाकात और खास इसलिए बनी क्योंकि उन्होंने ‘द कश्मीर फाइल्स’ की तारीफ की। इस फिल्म को प्रोड्यूस करके हमें गर्व महसूस हो रहा है। थैंक यू मोदी जी।’ वहीं, इस साल 22 फरवरी को पीएम मोदी ने जम्मू में एक रैली के दौरान कहा, ‘मैंने सुना है कि इस हफ्ते ‘आर्टिकल 370′ पर एक फिल्म रिलीज होने वाली है… ये अच्छी बात है, क्योंकि इससे लोगों को सही जानकारी हासिल करने में मदद मिलेगी।’ साबरमती रिपोर्ट के एक्टर विक्रांत मैसी बोले- ‘गोधरा कांड की आग में रोटियां सेंकीं गईं’
द साबरमती रिपोर्ट के ट्रेलर रिलीज के बाद से ही फिल्म विवादों में आ गई थी। फिल्म के लीड एक्टर विक्रांत मैसी ने बताया कि उन्हें धमकियां मिल रही हैं। यहां तक कि विरोधी उनके 9 महीने के बच्चे को भी नहीं छोड़ रहे। उसके बारे में भी अनाप-शनाप बोल रहे हैं। इस बात का खुलासा खुद विक्रांत मैसी ने दैनिक भास्कर को दिए इंटरव्यू में किया है। विक्रांत ने कहा कि गोधरा कांड की आग में कइयों ने रोटियां सेंकी हैं, लेकिन जो मारे गए, वे सिर्फ आंकड़े बनकर रह गए। पूरी खबर यहां पढ़ें… —————————————
इस फिल्म से जुड़ी ये स्टोरी भी पढ़ें.. ‘द साबरमती रिपोर्ट’ का ट्रेलर रिलीज:गोधरा कांड पर आधारित फिल्म विक्रांत मैसी की फिल्म ‘द साबरमती रिपोर्ट’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। यह फिल्म 2002 के गोधरा कांड पर आधारित है। ट्रेलर लॉन्च इवेंट में एकता कपूर मीडिया से रूबरू हुईं और फिल्म से जुड़े सवालों के जवाब दिए। हालांकि, इस दौरान वह मीडिया के सवालों से थोड़ी परेशान भी नजर आईं। पूरी खबर पढ़ें..
नागा चैतन्य-शोभिता के वेडिंग कार्ड की पहली झलक:4 दिसंबर को हैदराबाद में लेंगे सात फेरे, सांस्कृतिक रीति-रिवाज से होगी शादी
नागा चैतन्य और शोभिता धुलिपाला के वेडिंग कार्ड की पहली झलक सामने आई है। कार्ड के मुताबिक, दोनों इसी साल 4 दिसंबर को सात फेरे लेंगे। शादी के फंक्शन हैदराबाद स्थित अन्नपूर्णा स्टूडियो में होंगे। देखिए वायरल कार्ड की तस्वीर सामने आई तस्वीर में साफ देखा जा सकता है कि कार्ड को पेस्टल कलर के पैलेट पर बनाया गया है। कार्ड में मंदिर की घंटियां, पीतल के लैंप, केले के पत्ते और गाय की तस्वीरें हैं। इससे साफ पता चलता है कि शादी भारतीय रीति-रिवाजों और परंपराओं से होगी। कार्ड में होने वाले पति-पत्नी के साथ दोनों के परिवार के बारे में भी बताया गया है। इस कार्ड के साथ एक गिफ्ट हैंपर भी दिया गया है। इस गिफ्ट हैंपर में चमेली की माला, इकत का कपड़ा और भी कई सामान हैं। परिवार के पुराने स्टूडियो में लेंगे सात फेरे नागा चैतन्य और शोभिता हैदराबाद स्थित अन्नपूर्णा स्टूडियो में सात फेरे लेंगे। इस स्टूडियो को नागा के दादा एक्टर अक्किनेनी नागेश्वर राव ने 1976 में बनवाया था। यह स्टूडियो अक्किनेनी परिवार के लिए किसी धरोहर से कम नहीं है। अगस्त में कपल ने की थी सगाई कुछ समय पहले ही नागा और शोभिता ने सगाई की थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों ने एक प्राइवेट सेरेमनी में नागा चैतन्य के पिता नागार्जुन के घर पर सगाई की थी। नागार्जुन का घर हैदराबाद के पॉश एरिया जुबली हिल्स में स्थित है। नागार्जुन ने ही सोशल मीडिया पर दोनों की सगाई की तस्वीरें शेयर करते हुए इन्हें आशीर्वाद दिया था। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा था, ‘बेटे नागा चैतन्य की शोभिता धुलिपाला से सगाई की अनाउंसमेंट करते हुए मुझे बेहद खुशी हो रही है। दोनों ने सुबह 9.42 बजे सगाई की। हम शोभिता का परिवार में स्वागत करते हैं। दोनों को बहुत शुभकामनाएं।’ सामंथा से तलाक के बाद ही नागा चैतन्य का नाम शोभिता से जुड़ने लगा था। दोनों को कई बार कई इंटरनेशनल ट्रिप्स पर साथ वक्त बिताते देखा जा चुका है।इसके अलावा चैतन्य को कई बार उसी होटल में देखा गया था, जहां शोभिता अपनी फिल्म ‘मेजर’ के प्रमोशन के लिए रुकी हुईं थीं। वहीं शोभिता ने अपना बर्थडे भी हैदराबाद में ही सेलिब्रेट किया था। इसके बाद भी नागा और शोभिता को कई मौकों पर साथ देखा गया था। तभी से यह कयास लगाए जा रहे थे कि दोनों एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं। चौथी वेडिंग एनिवर्सरी से पहले टूटी थी शादी सामंथा रुथ प्रभु और नागा चैतन्य ने 6 अक्टूबर 2017 को गोवा में पहले हिंदू रीति-रिवाज और फिर 7 अक्टूबर को क्रिश्चियन रीति-रिवाज से शादी की थी। शादी के बाद से ही सामंथा ने अपने नाम में अक्किनेनी लगा लिया था, हालांकि अलग होने की खबरों के बीच ही सामंथा ने अपने ट्विटर हैंडल से अक्किनेनी हटाकर इसे सामंथा रूथ प्रभु कर लिया था। 6 अक्टूबर,2021 को दोनों की शादी के चार साल पूरे होने वाले थे लेकिन इससे पहले ही ये अलग हो गए।
अमरावती में नवनीत राणा पर भीड़ का हमला:पूर्व सांसद का आरोप- हमलावरों ने कुर्सियां फेंकी, अल्लाह हू अकबर के नारे लगाए
महाराष्ट्र के अमरावती से पूर्व सांसद और भाजपा नेता नवनीत राणा पर 16 नवंबर की रात करीब 10 बजे हमला हुआ। अमरावती की पूर्व सांसद नवनीत दरियापुर निर्वाचन क्षेत्र के खल्लर गांव में भाजपा उम्मीदवार रमेश बुंदिले के लिए वोट मांगने पहुंची थीं। भीड़ ने वहां कुर्सियां फेंकी और अल्लाह-हू-अकबर के नारे लगाए और हंगामा किया। NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, नवनीत ने कहा- हम खल्लर में शांतिपूर्ण तरीके से प्रचार कर रहे थे। मेरे भाषण के दौरान कुछ लोगों ने अभद्र इशारे किए। नवनीत ने कहा कि हमले में पार्टी के कई लोग घायल हुए। मुझ पर थूका गया, जो एक सुरक्षाकर्मी की वर्दी पर गिरा। सुरक्षाकर्मियों ने मुझे बचाया। हमने शिकायत दर्ज कराई है। अगर जल्द ही किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया तो अमरावती का पूरा हिंदू समुदाय यहां इकट्ठा होगा। अमरावती ग्रामीण एसपी विशाल आनंद ने कहा कि इस मामले में 45 लोगों के खिलाफ दंगा, हत्या के प्रयास और भारतीय न्याय संहिता (BNS) और SC-CT एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। 3 लोगों को हिरासत में हैं। वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे हमलावरों की पहचान की जा रही है। घटना की 2 तस्वीरें… नवनीत राणा बोलीं- मुझे चोट पहुंचाने की कोशिश हुई
नवनीत राणा ने रविवार को कहा- भाषण देने के बाद मैं वहां आए दिव्यांग लोगों से मिलने के लिए मंच से नीचे उतरी थी। तभी हमलावरों ने धार्मिक नारे लगाए गए। मैंने उन्हें शांत करने की कोशिश की। उन लोगों ने मुझे धमकाया और मुझे चोट पहुंचाने की भी कोशिश की। राणा ने कहा कि हमलावरों की मानसिकता ऐसी है कि वे हिंदू मानसिकता वाले किसी भी व्यक्ति का विरोध करेंगे और ओवैसी और कांग्रेस की विचारधारा के मुताबिक काम करेंगे। कांग्रेस इस समुदाय की धमकी संस्कृति का समर्थन कर रही है। नवनीत को मिल चुकी गैंग-रेप की धमकी
अक्टूबर में नवनीत राणा को लेटर के जरिए गैंगरेप की धमकी मिली थी। साथ ही कहा गया था कि उनके घर के सामने गाय को काटा जाएगा। पत्र भेजने वाले ने खुद का नाम आमिर बताया था। उसने ₹10 करोड़ की फिरौती भी मांगी थी। साथ ही पाकिस्तान जिंदाबाद भी लिखा था। आरोपी ने लेटर में अपना फोन नंबर भी लिखा था। लेटर में राणा को लेकर आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया था । साथ ही उनके पति रवि राणा के लिए अभद्र बातें लिखी गईं थीं। रवि राणा के निजी सहायक विनोद गुहे ने राजापेठ पुलिस में शिकायत कराई थी। पूरी खबर पढ़ें… एक्ट्रेस से नेता बनीं नवनीत राणा
नवनीत राणा एक फिल्म एक्ट्रेस और राजनेता हैं। नवनीत ने हिंदी, तेलुगु, कन्नड, मलयालम और पंजाबी की कई बड़ी फिल्मों में काम किया। साल 2014 में एनसीपी के टिकट से अमरावती से लोकसभा चुनाव लड़ा, लेकिन जीत हासिल नहीं कर पाईं थीं। साल 2019 में निर्दलीय चुनाव लड़ा था। इस बार उन्होंने शिवसेना के दिग्गज नेता आनंद अडसुल को हराकर लोकसभा चुनाव जीता था। 2024 लोकसभा चुनाव में वह बीजेपी में शामिल हुईं थीं। महाराष्ट्र की अमरावती सीट पर कांग्रेस के बलवंत वानखेड़े ने नवनीत राणा को 19,731 वोटों से हराया था।
पन्नू मर्डर साजिश का आरोपी बोला- मेरी जान को खतरा:कोर्ट में कहा- पहचान उजागर हुई, पेशी से छूट मिले; FBI ने जारी किया था फोटो
खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश में आरोपी विकास यादव ने दिल्ली कोर्ट में एक एप्लिकेशन दाखिल की है। विकास ने अदालत से कहा कि उसे सुनवाई में हाजिर होने से छूट दी जाए। विकास ने वजह बताई कि अब उसकी पहचान, उसके घर का पता और उसकी फोटोज दुनिया में उजागर हो गई हैं। ऐसे में उसकी जान को गंभीर खतरा है इसलिए उसे सुनवाई से छूट दी जाए। अमेरिकी जांच एजेंसी FBI ने 18 अक्टूबर को विकास पर पन्नू की हत्या की साजिश के आरोप तय किए थे। इसके अलावा उस पर मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप भी लगाए गए। FBI का कहना है कि विकास भारत की इंटेलिजेंस एजेंसी RAW से जुड़ा था। FBI ने पोस्टर जारी कर विकास यादव को मोस्ट वांटेड बताया था। विकास ने एप्लिकेशन में 4 कारण बताए… 1. पहचान उजागर कर दी
विकास यादव ने अपनी याचिका में कहा, “मुझ पर लगे आरोप झूठे और निराधार हैं। मेरी निजी जानकारी जैसे पता, बैकग्राउंड और फोटो दुनियाभर में सर्कुलेट कर दिए गए हैं। ऐसे में बुरे लोगों से मेरी जान को गंभीर खतरा है।” 2. दुश्मन लगातार निगरानी कर रहा
विकास ने कहा, “दुश्मन मुझ पर लगातार नजर रख रहा है। वे लगातार मेरी खोज कर रहे हैं, हर जगह मेरी तलाश की जा रही है। सुरक्षा की खातिर मेरे पास छिपे रहने के अलावा कोई और विकल्प नहीं है।” 3. कोर्ट में पेश हुआ तो खतरा
पूर्व रॉ अफसर ने कहा, “जान पर खतरा लगातार बना हुआ है। अगर मैं कोर्ट में फिजिकली सुनवाई के लिए जाता हूं तो दुश्मनों को मुझे नुकसान पहुंचाने का मौका मिल जाएगा।” 4. वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में भी खतरा
विकास ने लिखा, “हालात देखते हुए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कोर्ट में पेश होना भी खतरे से खाली नहीं है। टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल कर मेरी लोकेशन को ट्रेस किया जा सकता है।” ‘विकास ने निखिल को दी पन्नू की सारी जानकारी’
FBI ने चार्जशीट में कहा है कि विकास ने ही निखिल गुप्ता को इस साजिश में शामिल किया और निर्देश दिए, जिसमें पन्नू के बारे में पूरी जानकारी थी। इसमें पन्नू का एड्रेस, मोबाइल नंबर और रोजाना की हर एक गतिविधि शामिल थी। इसके बाद ही गुप्ता ने पन्नू की हत्या के लिए एक अपराधी से संपर्क किया, जिसे उसने कॉन्ट्रैक्ट किलर समझा था। हालांकि वह असल में अमेरिका के ड्रग एन्फोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (DEA) का सीक्रेट एजेंट था। FBI का कहना है कि यादव ने इस हत्या के लिए 1 लाख डॉलर (करीब 83 लाख रुपए) देने की योजना बनाई थी। पिछले साल दिल्ली पुलिस ने विकास को गिरफ्तार किया था
विकास यादव को दिल्ली पुलिस ने 18 दिसंबर को गिरफ्तार किया था। उसके खिलाफ दिल्ली के एक बिजनेसमैन ने हत्या के प्रयास और किडनैपिंग का केस दर्ज कराया था। इसके बाद पुलिस ने विकास और उसके एक साथी को गिरफ्तार किया था। व्यापारी ने विकास और गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के संबंधों के बारे में भी बताया था। इस मामले में विकास को इस साल अप्रैल में जमानत मिल चुकी है। बिजनेसमैन ने बताया- विकास ने कहा था लॉरेंस ने मारने की सुपारी दी है
बिजनेसमैन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कर बताया था कि उसकी और विकास की मुलाकात नवंबर में हुई थी। खुद को एक सीनियर सरकारी अधिकारी बताने वाले व्यक्ति ने विकास से उसका परिचय करवाया था। इसके बाद विकास ने उसे बताया कि वह एक अंडरकवर एजेंट है। हालांकि उसने कभी अपने काम और ऑफिस के बारे में बिजनेसमैन को नहीं बताया। विकास ने 11 दिसंबर को उसे लोधी रोड बुलाया। जहां विकास और उसके एक साथी ने बिजनेसमैन को किडनैप कर लिया। वे उसे डिफेंस कॉलोनी इलाके के एक फ्लैट में ले गए। यहां विकास ने उसे बताया कि गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई ने उसे मारने की सुपारी दी है। उन्होंने उसके साथ मारपीट की और उसकी सोने की चेन, अंगूठिया और कैश छीन लिया। इसके बाद वे उसे सड़क किनारे छोड़कर भाग गए। विकास ने बिजनेसमैन को धमकाया था कि अगर उसने पुलिस में शिकायत दी तो अच्छा नहीं होगा। ———————————— विकास यादव से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें 1. FBI का दावा- विकास ने निखिल को दी पन्नू की हर जानकारी FBI ने चार्जशीट में कहा है कि विकास ने निखिल गुप्ता को साजिश में शामिल किया। उसे पन्नू का एड्रेस, मोबाइल नंबर और रोजाना की एक्टिविटी के बारे में बताया। पन्नू की हत्या की साजिश में भारत का नाम आने के बाद कनाडाई PM जस्टिन ट्रूडो ने दावा किया था कि CC1 यानी विकास निज्जर की हत्या में भी शामिल था। हालांकि, अमेरिका ने इसे खारिज कर दिया है। पढ़िए पूरी खबर 2. पन्नू बोला- कनाडा को भारतीय उच्चायोग का खुफिया नेटवर्क बताया खालिस्तान समर्थक आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने 16 अक्टूबर को एक इंटरव्यू में कहा कि उसने कनाडा को भारत के खिलाफ जानकारियां दी हैं। पन्नू ने ये भी कहा कि उसका संगठन सिख फॉर जस्टिस 2-3 साल से कनाडाई PM जस्टिन ट्रूडो के संपर्क में है। उसी ने भारतीय उच्चायोग के खुफिया नेटवर्क के बारे में ट्रूडो को जानकारी दी है। पढ़िए पूरी खबर…
सलवार जली, पैर झुलसे फिर भी 5 बच्चों को बचाया:वो रात बहुत भयानक थी, झांसी में नवजातों को बचाने वाली नर्स की जुबानी पूरी कहानी
जिन बच्चों को आग में से उठाकर बाहर भाग सकती थी, मैं भागी। आग से सलवार जल गई। पैर झुलस गए। 2 बच्चों को सुरक्षित बाहर छोड़कर वापस अंदर आई। बगल के कमरे में जाकर दूसरी सलवार पहनी। फिर दोबारा आग में गई, 3 बच्चों बचाकर बाहर ले आई। यह कहते हुए झांसी मेडिकल कॉलेज की स्टाफ नर्स मेघा (36) मायूस हो जाती हैं। अग्निकांड वाली रात उनकी ड्यूटी चाइल्ड वार्ड में थी। वह कहती हैं- वो रात बहुत भयानक थी, ऐसा मंजर कभी नहीं देखा। कभी नहीं भूल सकती हूं। मैं बच्चों को जलते हुए देख रही थी, उस दर्द को अभी तक महसूस करती हूं। झांसी मेडिकल कॉलेज में 10 नवजात की मौत के बाद स्थितियों को और करीब से समझने के लिए भास्कर टीम बर्न वार्ड पहुंची। यहां स्टाफ नर्स मेघा से मुलाकात हुई। हमने अग्निकांड के वक्त चाइल्ड वार्ड में क्या-कुछ हुआ, ये उनसे जाना। पहली चिंगारी कॉन्सेंट्रेटर से निकली, फिर सब कुछ जलने लगा
मेघा कहती हैं- रात में 4 स्टाफ नर्स और वार्ड बॉय, 2 जूनियर डॉक्टर की ड्यूटी थी। SNCU में ऑक्सीजन कंसंट्रेटर रखा था। मैं रजिस्टर पर बच्चों की दवा लिख रही थी, तभी शॉर्ट सर्किट हो गया। कुछ समझ पाने से पहले चिंगारी आक्सीजन तक पहुंच गई। देखते-देखते पूरे केबिन में आग फैल गई। हम थोड़ी दूर थे, इसलिए बच गए। मेघा बताती हैं- मेरी यूनिफॉर्म सिंथेटिक कपड़े की थी। इस वजह से तेजी से आग पकड़ ली। मैंने सलवार उतारकर फेंक दी। उसके बाद 2 बच्चों को लेकर बाहर भागी। उस वक्त मुझे लगा कि इज्जत से ज्यादा बच्चों की जान जरूरी है। बच्चों को सुरक्षित बाहर छोड़ने के बाद दोबारा अंदर आई, बगल के कमरे में मेरी एक और यूनिफॉर्म रखी थी। जल्दी-जल्दी पहनी, फिर वार्ड में घुस गई। 3 और बच्चों को उठाया और तेजी से बाहर आ गई। मगर तब तक पैर जल चुके थे। मास्क लगाकर अंदर आई, मगर 5 मिनट भी नहीं टिक पाई
मेघा कहती हैं- अचानक अस्पताल की लाइट काट दी गई। वार्ड में इस कदर धुआं भर गया कि कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। मैंने मास्क लगाया, मगर अंदर 5 मिनट भी खड़े रह पाना मुश्किल था। धुआं और अंधेरा देखकर हम हिम्मत हार गए। बाकी स्टाफ भी अंदर जाने का प्रयास कर रहा था, मगर धुएं के आगे हम सब बेबस हो गए। कोई कुछ नहीं कर पाया। जिन डॉक्टर पर बच्चों के इलाज की जिम्मेदारी, वे भी बीमार
मेघा ने कहा- उन बच्चों की डिलीवरी हमारे स्टाफ ने अपने हाथ से करवाई थी। वह बच्चे हमें जान से प्यारे थे। जिन डॉक्टरों पर उन बच्चों के इलाज की जिम्मेदारी थी। उनमें से एक के पैर में अर्थराइटिस था, दूसरे के पैर में भी समस्या थी। इसके बावजूद दोनों जुटे रहे। बच्चों को बाहर निकालने में पूरी मदद की। मेरे बच्चे का जन्मदिन, डॉक्टरों ने यहीं रहने को कहा है
मेघा का दायां पैर जल गया है। उन्हें न्यू बिल्डिंग के बर्न वॉर्ड में एडमिट किया गया है। वह कहती हैं कि मेरे दो बच्चे हैं। एक नौ साल का, एक 12 साल का। छोटे वाले का जन्मदिन 27 नवंबर को है। मेघा ने बताया उन्हें डायबिटीज है, टेंशन के कारण शुगर लेवल बढ़ गया है। अब बाहर जाने को मना किया गया है। अब पढ़िए उन परिवारों का दर्द, जिन्होंने अपने बच्चे को खो दिया दैनिक भास्कर की टीम ने ऐसी महिलाओं से बात की, जिनके बच्चे या तो हादसे में मर चुके हैं या नहीं मिल रहे। जानिए उनका दर्द… ‘अस्पताल में मेरा बच्चा नहीं रोया, यहां सब चीखें सुनाई दे रहीं’ जालौन की रहने वाली संतोषी अस्पताल की फर्श पर शॉल ओढ़े बैठी हैं। उनके चेहरे पर उदासी है। आंखों के आंसू सूख चुके हैं। उनकी रुंधी हुई आवाज से अंदाजा लगाया जा सकता है कि उनके अंदर अथाह दर्द और पीड़ा है। हमने उनसे पूछा कि वो यहां कब आई थीं, तो वह कहती हैं- 5 नवंबर को डिलीवरी हुई थी। बच्चा रोया नहीं था, इसलिए उसे उरई जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने उसे झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। जब हमने उनसे पूछा कि आग लगी, तब आप कहां थीं? जवाब में संतोषी ने कहा- रात को अंदर सो रही थी। आवाज सुनकर बाहर आई। देखा, तो आग लगी थी। चारों तरफ भगदड़ मची थी। लोग अपने बच्चों को लेकर भाग रहे थे। हमें समझ नहीं आ रहा था कि क्या करें? अंदर गए तो देखा कि मेरा बच्चा ही नहीं था। अब आपको क्या चाहिए? इस सवाल पर संतोषी ने कहा- मुझे सिर्फ मेरा बच्चा चाहिए। क्या आपने बच्चे को देखा? संतोषी ने जवाब दिया- नहीं। कुछ बच्चे दिखाए गए, लेकिन उनमें मेरा बेटा नहीं था। रात से सुबह हो गई, अभी तक बेटे की कोई जानकारी नहीं मिली। इतना कहते हुए संतोषी रो पड़ीं। ‘हमारा बच्चा पूरा जल गया..वो जिंदा नहीं है’ ललितपुर के फुलवारा गांव के रहने वाले सोनू और उनकी पत्नी संजना मेडिकल कॉलेज में मौजूद हैं। संजना फर्श पर बैठकर बीच-बीच में रो पड़ती हैं। वो चीखती हैं, मेरा बच्चा कहां है, मेरा पहला बच्चा था। हाय मेरा बच्चा जल गया…पूरा जल गया। अरे कोई तो दिखा दो मेरे बच्चे को। पास बैठे पति सोनू उन्हें दिलासा देते हैं, लेकिन उनकी आंखों से भी आंसू नहीं रुक रहे। सोनू ने बताया- 7 अक्टूबर को पत्नी ने बच्चे को जन्म दिया। डिलीवरी के बाद बच्चे को झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। उसे सांस लेने में दिक्कत थी, क्योंकि 7 महीने में ही पैदा हुआ था। यहां इलाज चल रहा था। 1 महीने से हम लोग यहीं हैं। शुक्रवार को ही बच्चे का सीटी स्कैन हुआ था। डॉक्टर ने बताया- बेटे के माथे में पानी भरा है। डॉक्टर ने दूध पिलाने से मना किया था, इसलिए हम लोग निश्चिंत होकर सो रहे थे। इसी बीच अचानक आग लग गई। हम दौड़कर वार्ड के पास पहुंचे, लेकिन हमें अंदर नहीं जाने दिया। बच्चा कहां है? सोनू ने जवाब दिया- पता नहीं। स्टाफ बोल रहा है कि इमरजेंसी में है, लेकिन मैंने देखा नहीं। कुछ बच्चे खो गए, मिल नहीं रहे हैं। उनकी पत्नी संजना से पूछा- आपका बच्चा कैसा है, तो वह धीमी आवाज में बोलीं- पता नहीं। हमारा बच्चा पूरा जल गया। अब वह जिंदा नहीं है। ये मेरा पहला बच्चा था। यह कहते हुए वह रो पड़ीं। ‘मेरा पोता खत्म हो गया, वो पूरा जला हुआ था’ ललितपुर के सीरोनकला गांव के रहने वाले निरन बेचैन होकर मेडिकल कॉलेज में घूम रहे हैं। हमने उनसे पूछा कि आपका यहां कौन भर्ती था? उन्होंने बताया- मेरी बहू पूजा का बच्चा भर्ती था। ललितपुर में ऑपरेशन से बच्चा हुआ था। बच्चे का वजन कम था, इसलिए शुक्रवार को बच्चे को यहां लेकर आए। रात में यहां आग लग गई। बच्चे जलकर मर गए। मैंने देखा तो मेरा पोता ऊपर से लेकर नीचे तक जला हुआ था। कैसे पहचाना? जवाब में उन्होंने कहा- नाम की पट्टी लगी हुई थी, उसी से पहचाना। मेरा बच्चा खत्म हो गया। हम तो गरीब हैं, मेरे पास कुछ नहीं है। हादसा कैसे हुआ, जवाब दिया कि कर्मचारियों की लापरवाही से हुआ। ‘हमने बच्चों को बचाया, अब धमकी मिल रही’ महोबा के रहने वाले कुलदीप ने बताया कि आग लगी तो मैं दौड़कर वहां पहुंचा। पीछे वाला गेट तोड़ा गया। देखा तो डॉक्टर भाग रहे थे। मैं अंदर गया। वहां बहुत धुआं था। कुछ बच्चे मरे हुए थे। लेकिन, मेरा बच्चा नहीं था। इसके बाद मैंने 4-5 बच्चों को बाहर निकाला। मीडिया में बयान देने पर अब अस्पताल प्रशासन से धमकी मिल रही है। मुझसे कहा जा रहा है कि तुम ऐसे कैसे बयान दे रहे हो। मैंने जो देखा, वही तो बोलूंगा। मैं अपने बच्चे के बारे में क्या कहूं, कोई उम्मीद नहीं है। मर ही गया, समझिए। बेटा महोबा सरकारी अस्पताल से रेफर किया गया था। 9 नवंबर को बेटे को यहां एडमिट कराया। हादसे के पीछे डॉक्टर की लापरवाही है। 7 बच्चों के पोस्टमॉर्टम हुए, 3 का 72 घंटे के बाद होगा
झांसी के मेडिकल कॉलेज में अग्निकांड के वक्त चाइल्ड वार्ड में 39 बच्चे एडमिट थे। 10 नवजात की जिंदा जलकर मौत हो गई। 1 बच्चे की बॉडी अभी भी मिसिंग है। शनिवार को मृतक बच्चों का पोस्टमॉर्टम हुआ। दो-दो डॉक्टरों के पैनल ने 7 नवजात बच्चों का पोस्टमॉर्टम किया। सभी बच्चे 70% से ज्यादा जल गए थे। जलने की वजह से ही उनकी मौत हुई है। इसकी पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में हुई है। सभी के DNA सैंपल भी लिए गए हैं। 3 बच्चों के शवों की पहचान नहीं हो सकी, इसलिए पोस्टमॉर्टम नहीं हो पाए। पहचान होने या नहीं होने पर 72 घंटे बाद पोस्टमॉर्टम होगा। ——————- झांसी अग्निकांड में भास्कर कवरेज पढ़िए… झांसी अग्निकांड- 10 नवजात जिंदा जले, बच्चों को बचाने वाले ने कहा- डॉक्टर भाग रहे थे, बयान देने पर अस्पताल ने धमकाया झांसी के महारानी लक्ष्मीबाई सरकारी मेडिकल कॉलेज में स्पेशल न्यू बोर्न केयर यूनिट (SNCU) में शुक्रवार रात भीषण आग लग गई। हादसे में 10 बच्चों की मौत हो गई। पोस्टमॉर्टम के बाद 7 नवजात बच्चों का शव परिजनों को सौंप दिया गया। 3 बच्चों की शिनाख्त अभी नहीं है। पढ़िए पूरी खबर…
फिर साथ दिखेंगे अजय-अक्षय:अजय की डायरेक्शन वाली फिल्म में हीरो होंगे खिलाड़ी कुमार, हाल में सिंघम अगेन में दिखे दोनों
अजय देवगन ने खुलासा किया है कि आने वाले समय में वे फिर से अक्षय कुमार के साथ काम करेंगे। उस फिल्म का डायरेक्शन अजय खुद करेंगे और लीड रोल में अक्षय होंगे। अभी हाल में ही अजय देवगन और अक्षय कुमार को फिल्म सिंघम अगेन में साथ देखा गया है। अजय ने कहा- जल्द ही फिल्म के बारे में अनाउंसमेंट होगी एक हालिया इवेंट में अजय से अक्षय के साथ बड़ी फिल्म में साथ काम करने के बारे में सवाल किया गया है। जवाब में एक्टर ने कहा- हम इसकी अनाउंसमेंट बाद में करने वाले थे। हम पहले से ही एक साथ कुछ काम कर रहे हैं। जहां मैं फिल्म का डायरेक्शन कर रहा हूं और अक्षय एक्टिंग कर रहे हैं। हम जल्द ही इस बारे में और जानकारी शेयर करेंगे। अक्षय बोले- मिस्टर अजय की फिल्म करने जा रहा हूं अजय की इन बातों पर अक्षय ने भी अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा- मैं मिस्टर अजय देवगन के डायरेक्शन में बनी फिल्म करने जा रहा हूं। पहले भी डायरेक्शन में हाथ आजमा चुके हैं अजय बता दें, अजय एक्टिंग के साथ डायरेक्शन भी करते रहते हैं। उन्होंने इससे पहले रनवे 34, भोला और शिवाय जैसी फिल्मों का डायरेक्शन किया है। अक्षय की अपकमिंग फिल्मों के बारे में बात करें तो उन्हें स्काई फोर्स, जॉली LLB 3, हाउसफुल 5 और वेलकम टू द जंगल में देखा जाएगा। वहीं, अजय के पास सन ऑफ सरदार 2, रेड 2, दे दे प्यार दे 2 और आजाद जैसी फिल्में हैं।
दिलजीत दोसांझ का तेलंगाना सरकार पर कटाक्ष:शराब-हिंसा के गानों पर लगा है प्रतिबंध; बोले-विदेशी मनमर्जी करें, अपने कलाकारों पर रोक क्यों
पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ ने शनिवार को हैदराबाद में आयोजित अपने कॉन्सर्ट के दौरान अपने गानों पर लगे प्रतिबंधों को लेकर तेलंगाना सरकार पर कटाक्ष किया है। उन्होंने मंच से अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि भारत के कलाकारों को अपने ही देश में गाने से रोका जाता है, जबकि अंतरराष्ट्रीय कलाकारों को पूरी आजादी दी जाती है। दिलजीत दोसांझ ने इस दौरान लोगों को साइबर क्राइम के प्रति भी सजग किया और टिकट स्कैम को लेकर क्लैरिफिकेशन भी दी। दलजीत ने मंच से कहा कि कुछ लोगों को हजम नहीं होता कि उनकी टिकट इतनी जल्दी बिक क्यों जाती हैं। वे कई सालों से काम कर रहे हैं, एक दिन में फेमस नहीं हुए। तेलंगाना सरकार ने उन्हें कहा कि अगर साइबर क्राइम होता है तो पहला घंटा गोल्डन आवर होता है। तुरंत 1930 पर कॉल करें। कुछ लोग उनकी टिकट पहले खरीद कर बाद में महंगी बेचती हैं। ये मुश्किल विदेशों में भी है। वहां भी इसका हल नहीं निकला। लेकिन इस चीज को भी धीरे-धीरे ठीक कर लिया जाएगा। तेलंगाना सरकार ने लगाई है गीतों पर रोक तेलंगाना सरकार ने हाल ही में दिलजीत दोसांझ के कुछ गानों पर आपत्ति जताई थी। जो शराब और हिंसा जैसे विषयों से जुड़े माने जाते हैं। इन गानों को राज्य के कार्यक्रमों में प्रस्तुत करने पर प्रतिबंध लगाया गया था। सरकार का मानना था कि ऐसे गाने समाज पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकते हैं। अपने कॉन्सर्ट के दौरान जवाब देते हुए कहा कि कइयों को टांग अड़ाने की आदत होती है। कोई बात नहीं, मै भी दोसांझा वाला हूं बुग्गे। मैं इतनी जल्दी नहीं छोड़ता। श्रोताओं ने किया समर्थन दिलजीत के इस बयान के बाद कॉन्सर्ट में मौजूद दर्शकों ने जोरदार तालियों और उत्साह से उनका समर्थन किया। उनके फैंस ने सोशल मीडिया पर भी इस मुद्दे को उठाते हुए कहा कि देश के कलाकारों को अभिव्यक्ति की आजादी होनी चाहिए। हालांकि, यह पहली बार नहीं है जब दिलजीत दोसांझ या किसी अन्य पंजाबी कलाकार को उनके गानों के विषयों को लेकर विवादों का सामना करना पड़ा हो। इससे पहले भी कई पंजाबी गायक हिंसा, शराब और अन्य विवादित विषयों वाले गानों को लेकर निशाने पर आ चुके हैं। टिकट विवाद पर ईडी ले चुका एक्शन पंजाबी पॉप सिंगर दिलजीत दोसांझ और ब्रिटिश रॉक बैंड कोल्डप्ले के अपकमिंग कॉन्सर्ट के टिकट की कालाबाजारी पर एनफोर्समेंट डायरेक्टोरेट (ED) ने तकरीबन तीन महीने पहले 5 राज्यों में 13 लोकेशन पर छापेमारी की थी। जांच एजेंसी ने इस मामले में मनी लॉन्ड्रिंग का केस भी दर्ज किया। दैनिक भास्कर ने टिकटों की कालाबाजारी करने वालों का स्टिंग ऑपरेशन करके कोल्ड प्ले टिकट स्कैम का खुलासा किया था, जिसके बाद बुक माय शो ने केस की FIR कराई थी। जयपुर में मैं पंजाब हूं पर दिया था जवाब जयपुर शो के दौरान दिलजीत मंच पर पहुंचे तो फैंस के हाथों में “मैं हूं पंजाब” के पोस्टर्स थे। जिसे देखकर उन्होंने कहा था- यहां लोग जब कहीं बाहर जाते हैं तो ‘खम्मा घणी’ कहते हैं और गर्व से बोलते हैं कि वे जयपुर से हैं। लेकिन जब मैं ‘मैं हूं पंजाब’ कहता हूं तो कुछ लोगों को दिक्कत होती है।
मैक्ग्रा बोले- कोहली इमोशनल, उन्हें टारगेट बनाओ:न्यूजीलैंड से हारकर दबाव में होंगे, ऑस्ट्रेलिया ज्यादा अग्रेसिव हुआ तो नुकसान भी संभव
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज ग्लेन मैक्ग्रा ने ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को विराट कोहली पर दबाव बनाने की सलाह दी है। 54 साल के इस दिग्गज ने कहा, ‘आउट ऑफ फॉर्म चल रहे कोहली खराब शुरुआत के दबाव में होंगे। कंगारुओं को उन्हें टारगेट बनाना चाहिए। न्यूजीलैंड से हार के बाद अब ऑस्ट्रेलिया के पास उनके खिलाफ काफी गोला-बारूद है।” भारत के ऑस्ट्रेलिया दौरे की शुरुआत 22 नवंबर से हो रही है। पहला मुकाबला पर्थ में खेला जाएगा। टीम इंडिया को वहां 5 टेस्ट की सीरीज खेलनी है और यह सीरीज वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के लिहाज से अहम है। भारत को अपने दम पर फाइनल तक पहुंचने के लिए 5 में से 4 मैच जीतने ही होंगे। न्यूजीलैंड सीरीज में कोहली नहीं चले मैक्ग्रा ने ऑस्ट्रेलियन मीडिया हाउस फॉक्स क्रिकेट से कहा, “कोहली पर दबाव डालें और देखें कि वे इसके लिए तैयार हैं या नहीं।” फॉक्स ने कहा कि पिछले एक दशक से ज्यादा समय से भारतीय बैटिंग के लीडर रहे कोहली खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं। इस साल 6 मैचों में उनका औसत 22.72 का रहा है। न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज में भी कोहली कुछ खास नहीं कर पाए। खराब फॉर्म से जूझते रहे। अब ऑस्ट्रेलिया में सीरीज से पहले चोटिल शुभमन गिल पहले टेस्ट से बाहर हो चुके हैं। कप्तान रोहित शर्मा पहला टेस्ट खेलेंगे या नहीं, यह अभी साफ नहीं है। कोहली पर बैटिंग लाइनअप को लीड करने का दबाव होगा।’ मैक्ग्रा की चेतावनी- ज्यादा आक्रामकता से नतीजा उल्टा भी हो सकता है
मैक्ग्रा ने अपने प्लेयर्स को चेतावनी भी दी है कि कोहली को ज्यादा आक्रामक तरीके से निशाना बनाना नुकसान भी कर सकता है। हो सकता है कि कोहली दबाव से बाहर आ जाएं और खड़े हो जाएं, डट जाएं। क्योंकि कोहली ऐसा खिलाड़ी है, जिसकी फॉर्म खराब चल रही है तो चल रही है। लेकिन अगर वो डट जाएगा तो डट ही जाएगा। बता दें कि कोहली ने ऑस्ट्रेलिया के पिछले चार दौरों में 54.08 के प्रभावशाली औसत से रन बनाए हैं। कोहली ने घर से बाहर सबसे ज्यादा रन ऑस्ट्रेलिया में बनाए ————————————————– BGT से जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… भास्कर एक्सक्लूसिव : रोहित के साथ ऑस्ट्रेलिया रवाना होंगे शमी भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी कप्तान रोहित शर्मा के साथ बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के लिए ऑस्ट्रेलिया रवाना होंगे। पांच मैचों की यह टेस्ट सीरीज 22 नवंबर से पर्थ में शुरू होगी। उनके टीम में शामिल होने पर फैसला पहले मैच के बाद ही लिया जाएगा। पढ़ें पूरी खबर
अमृतसर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हंगामा:पैसेंजर्स को 6 घंटे इंतजार कराया; फिर अचानक फ्लाइट कैंसिल की, दुबई जानी थी
पंजाब के अमृतसर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शनिवार देर रात यात्रियों ने हंगामा कर दिया। दरअसल, फ्लाइट IX-191 रात 12 बजे कैंसिल हो गई थी। यह फ्लाइट अमृतसर से दुबई जाने वाली थी। इस फ्लाइट में यात्री करीब 6 घंटे तक उड़ान भरने के इंतजार में बैठे रहे। फ्लाइट कैंसिल होने की जानकारी मिलते ही यात्री भड़क गए। एयरलाइन के पास माफी मांगने के अलावा कोई जवाब नहीं था। एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट संख्या IX-191 को शनिवार शाम करीब 7 बजे अमृतसर एयरपोर्ट से उड़ान भरनी थी। यात्री तय समय पर एयरपोर्ट पहुंचे और अपना चेक-इन भी कराया। करीब 1 घंटे पहले यानी शाम करीब 6 बजे यात्रियों को फ्लाइट में बैठाया गया ताकि विमान तय समय पर उड़ान भर सके, लेकिन विमान ने उड़ान नहीं भरी। फ्लाइट कैंसिल होने पर पैसेंजर्स ने क्या कहा- पानी देने वाला कोई नहीं था
मिलन कपूर ने अपने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया कि फ्लाइट में पानी देने वाला कोई नहीं था। तीन घंटे बाद यात्रियों का सब्र टूटने लगा। 9 बजे यात्रियों ने फ्लाइट के अंदर हंगामा करना शुरू कर दिया, लेकिन एयरलाइंस ने कहा कि फ्लाइट जल्द ही उड़ान भरेगी। इतना ही नहीं, जब फ्लाइट में क्रू का समय खत्म हो गया तो उन्हें भी बदल दिया गया, लेकिन यात्रियों को सही जानकारी नहीं दी गई। फ्लाइट में करीब 184 यात्री थे
तनवीर सिंह ने बताया कि फ्लाइट में करीब 184 यात्री थे। फ्लाइट पूरी तरह से भरी हुई थी। रात 11 बजे सभी यात्री शोर मचाने लगे। फ्लाइट के यात्रियों ने स्टाफ पर सही जानकारी देने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। 6 घंटे तक विमान में बैठने के बाद जानकारी मिली कि आज फ्लाइट कैंसिल हो गई है। फ्लाइट क्यों कैंसिल हुई
एयरलाइंस ने अभी तक यह जानकारी साझा नहीं की है कि यह फ्लाइट क्यों कैंसिल हुई। वहीं यात्रियों ने एयरलाइंस पर अपना गुस्सा निकाला कि अगर फ्लाइट कैंसिल ही करनी थी तो उन्हें इतने समय तक विमान में क्यों बैठाया गया। …………………………………… ये खबर भी पढ़ें-
हैदराबाद-चंडीगढ़ फ्लाइट में बम की सूचना से हड़कंप, यात्रियों को विमान से निकाला बाहर, किया आइसोलेट, नहीं मिला कुछ संदिग्ध चंडीगढ़ के इंटरनेशनल एयरपोर्ट की फ्लाई नंबर 6-ई (108) में बम होने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इंडिगो एयरलाइंस की हैदराबाद से चंडीगढ़ जाने वाली उक्त फ्लाइट में बम होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलने के बाद पूरे एयरपोर्ट पर पुलिस की अलग अलग पार्टियां और फायर ब्रिगेड की टीमें तैनात कर दी गई। पूरी खबर पढ़ें

