राहुल गांधी द्वारा दिए गए भाषण के बारे में क्या बोले पीएम मोदी?

0
97

हाल ही में पीएम मोदी ने राहुल गांधी द्वारा दिए गए भाषण पर अपना तंज कसा है! प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस पर सेना में भर्ती को लेकर सरासर झूठ फैलाने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को सवाल किया कि आखिर किसके फायदे के लिए सेना के बारे में इतना झूठ फैलाया जा रहा है। राष्ट्रपति के अभिभाषण पर लोकसभा में धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब देते हुए मोदी ने कहा कि सेना में भर्ती को लेकर कांग्रेस की ओर से सरासर झूठ फैलाया जा रहा है ताकि नौजवान सेना में न जाएं। उन्होंने कहा कि युवाओं को सेना में जाने से रोकने के लिए झूठ फैलाया जा रहा है। मैं जानना चाहता हूं कि आखिर किसके लिए कांग्रेस हमारी सेनाओं को कमजोर करना चाहती है। किसके फायदे के लिए (कांग्रेस) सेना के बारे में इतना झूठ फैला रही है। पीएम मोदी ने कहा कि उनके कार्यकाल में सेना में व्यापक सुधार किया गया है और सेना का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश को युवाओं पर भरोसा होना चाहिए और काल, परिस्थितियों और समय के हिसाब से सरकार लगातार सैन्य बलों में सुधार कर रही है। उन्होंने अग्निपथ योजना के बारे में परोक्ष रूप से कहा हम युद्ध योग्य सेना बना रहे हैं। आज युद्ध की परिस्थितियां, तकनीक और तौर-तरीके बदल रहे हैं, इसलिए हम अपने अनुसार रक्षा सुधार का प्रयास कर रहे है। गालियां खाकर भी हम मुंह पर ताला लगाकर रक्षा क्षेत्र में सुधार कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोग कभी भी भारतीय सेनाओं को ताकतवर होते नहीं देख सकते। उन्होंने यह भी कहा कौन नहीं जानता कि पंडित जवाहर लाल नेहरू के समय देश की सेना कितनी कमजोर होती थी। हमारी सेनाओं में कांग्रेस ने लाखों करोड़ों रुपये के घोटाले किए, जिसने देश की सेना को कमजोर किया। जब से देश आजाद हुआ तब से कांग्रेस ने जल, थल और वायु (सेनाओं) में भ्रष्टाचार की परम्परा बनाई। जीप घोटाले से लेकर पनडुब्बी और बोफोर्स घोटाले का हवाला देते हुए कहा कि इन घोटालों ने देश की ताकत बढ़ने से रोकी।

प्रधानमंत्री ने एक रैंक, एक पेंशन (ओआरओपी) के मामले में कांग्रेस पर पूर्व सैनिकों की आंख में धूल झोंकने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने ओआरओपी को खत्म किया और दशकों तक कांग्रेस ने इसे लागू नहीं होने दिया, जबकि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की सरकार ने संसाधन सीमित होने के बावजूद ओआरओपी लागू किया। यही नहीं प्रधानमंत्री ने आज लोकसभा में कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस की राजनीति पर भी सवाल उठाया। पीएम मोदी ने लोकसभा में कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उन्होंने झूठ की राजनीति को अपना हथियार बना लिया। इन लोगों ने माताओं और बहनों से झूठ बोला। इतना ही नहीं इन्होंने 1 जुलाई को भी सदन में अग्निवीर योजना से लेकर एमएसपी पर झूठे दावे किए। जिसे पूरे देश ने कल प्रत्यक्ष रूप में देखा है।पीएम मोदी ने आज लोकसभा में कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जैसे आदमखोर जानवर के मुंह पर खून लग जाता है। उसी तरह कांग्रेस के मुंह पर भी झूठ का खून लग गया गया है। कांग्रेस ने देशवासियों को गुमराह किया है इन लोगों ने माताओं-बहनों को हर महीने 8,500 रुपये देने का झूठ बोला। जिसकी वजह से माताओं-बहनों के दिल को जो चोट लगी है, वह कांग्रेस को तबाह करने वाली है।

इसके बाद पीएम मोदी ने कांग्रेस पर एक जाति को दूसरी जाति के खिलाफ नैरेटिव गढ़ने आरोप लगाते हुए कहा कि भारत ने विकसित देश बनने के सपने को चुन लिया है। ऐसे समय ये देश का दुर्भाग्य है कि 6-6 दशक तक राज करने वाली कांग्रेस पार्टी अराजकता फैलाने में जुटी है। ये दक्षिण में जाकर उत्तर के लोगों के खिलाफ बोलते हैं। उत्तर में जाकर पश्चिम के लोगों को खिलाफ जहर उगलते हैं। महापुरुषों के खिलाफ बोलते हैं। इन्होंने भाषा के आधार पर बांटने की हर कोशिश की है।

जिन नेताओं ने देश के हिस्से को भारत से अलग करने की वकालत की थी उनको संसद का टिकट देने का दुर्भाग्य हमें देखना पड़ा जो कांग्रेस पार्टी ने पाप किया है। कांग्रेस पार्टी खुलेआम एक जाति को दूसरी जाति के खिलाफ नैरेटिव गढ़ रही है। देश के एक हिस्से के लोगों को हीन बताने की प्रवृत्ति को कांग्रेस के लोग बढ़ावा दे रहे हैं। कांग्रेस देश में आर्थिक अराजकता फैलाने की दिशा में भी सोची समझी चाल चल रही है।