Saturday, July 27, 2024
HomeIndian Newsराहुल गांधी के खिलाफ लोकसभा में विशेषाधिकार हनन का नोटिस

राहुल गांधी के खिलाफ लोकसभा में विशेषाधिकार हनन का नोटिस

नई दिल्ली भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी के खिलाफ लोकसभा में विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया है। भाजपा सांसद ने राहुल गांधी पर अपने भाषण से लोगों को उकसाने का आरोप लगाया है। सांसद ने राहुल के खिलाफ सदन की अवमानना का नोटिस भी दिया है। भाजपा सांसद ने ट्वीट किया, “राहुल गांधी की मानसिकता जिन्ना के दो राष्ट्र के सिद्धांत का है। कल लोकसभा में दिया उनका भाषण देश को टुकड़ों में बांटने की साजिश है,आज उनके खिलाफ लोकसभा स्पीकर को विशेषाधिकार हनन व गलतबयानी का नोटिस दिया।  दुबे के नोटिस के अनुसार, राहुल ने भाषण में कहा था कि भारत को राज्यों का संघ कहा जाता है और भारत को एक राष्ट्र नहीं कहा जाता। उन्होंने (राहुल ने) यह खोखली टिप्पणी की है कि तमिलनाडु आदि के लोग वर्तमान सरकार-पार्टी को अपने ऊपर शासन की अनुमति कभी नहीं देंगे। राहुल गांधी की ये टिप्पणियां अन्य सांसदों और हमारे देश के नागरिकों को सीधे प्रसारण के जरिये यह संकेत देने और उकसाने का प्रयास है कि कोई भी राज्य यदि किसी एक विशेष राजनीतिक दल का शासन नहीं चाहे तो वह आसानी से हमारे राष्ट्र से अलग हो सकता है।

दुबे ने कहा कि ऐसा लगता है कि उन्होंने संविधान की प्रस्तावना को भी नहीं पढ़ा है, जिसमें कहा गया है कि हम भारत के लोग, भारत को एक संपूर्ण प्रभुत्व संपन्न समाजवादी, पंथ-निरपेक्ष, लोकतांत्रिक गणराज्य बनाने के लिए संकल्पित हैं। प्रस्तावना में गणराज्य शब्द के प्रयोग से पूरी तरह से स्पष्ट है कि भारत सभी अर्थों में एक राष्ट्र है लेकिन यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि राहुल गांधी जैसे वरिष्ठ सांसद को यह साधारण सी बात समझ में नहीं आती।

राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर लोक सभा में विपक्ष की तरफ से चर्चा की शुरूआत करते हुए बुधवार को राहुल गांधी द्वारा केंद्र और राज्यों के संबंधों पर दिए गए बयान की आलोचना करते हुए भाजपा सांसद ने लोक सभा अध्यक्ष को राहुल गांधी के खिलाफ यह नोटिस दिया है। निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी के भाषण का हवाला देते हुए कहा है कि राहुल गांधी ने संसद में केन्द्र और राज्य के संबंध में गलत बयानबाजी कर देश को तोड़ने की साजि़श की है। भारत में राज्य की सीमा संसद तय करती है विधानसभा को राज्य की सीमा निर्धारित करने का अधिकार नहीं है। दुबे ने कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी की मानसिकता जिन्ना के दो राष्ट्र के सिद्धांत की है। लोकसभा में दिया उनका भाषण देश को टुकड़ों में बांटने की साजिश है और इसलिए उन्होंने उनके खिलाफ लोक सभा अध्यक्ष को विशेषाधिकार हनन, गलतबयानी और सदन की अवमानना का नोटिस दिया है

 

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments